कचरा उठाने वाली 11 महिलाओं ने जमा किए 250 रुपए, टिकट खरीदा और लग गई 10 करोड़ की लॉटरी
कहते हैं कि भगवान जब देता है तो छप्पर फाड़ के देता है और कब किसकी किस्मत खुल जाए, कहा नहीं जा सकता। केरल में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करने वाली 11 महिलाओं की 10 करोड़ की लॉटरी लगी है।
दरअसल इन 11 महिलाओं ने 250 रुपए का लॉटरी का टिकट खरीदने के लिए आपस में पैसे जमा किए थे। इसके बाद जब लॉटरी का रिजल्ट आया तो पता चला कि उनके टिकट को 10 करोड़ का इनाम मिला है।

न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, ये महिलाएं पराप्पनगड़ी निगम के तहत बनाई गई ग्रीन आर्मी- हरिता कर्मा सेना की सदस्य हैं। पिछले हफ्ते इन महिलाओं ने सोचा कि लॉटरी का टिकट खरीदा जाए। लॉटरी का टिकट 250 का था और इनमें से कई महिलाएं ऐसी थीं, जिनके पास 25 रुपए भी नहीं थे। तब इन्होंने फैसला लिया कि आपस में पैसे जमाकर टिकट खरीदते हैं।
टिकट खरीदते वक्त इनमें से किसी ने नहीं सोचा था कि इस लॉटरी से वो करोड़पति बन जाएंगी। इसके बाद जब केरल सरकार की '2023 मानसून बंपर लॉटरी' का रिजल्ट आया, तो इनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। महिलाओं के टिकट को 10 करोड़ का जैकपॉट लगा। इन 11 महिलाओं में से एक राधा ने बताया, 'मैं तो अभी तक हैरान हूं। यकीन ही नहीं हो रहा कि हमारी लॉटरी लगी है। लॉटरी का पता चलने के बाद खुद को यकीन दिलाने के लिए हमने कई लोगों से पूछा और सबने बताया कि हां हमें 10 करोड़ का इनाम मिला। इसके बाद भी हमें विश्वास नहीं हो रहा।'
'अब हमारा कर्जा उतर जाएगा'
अपनी आर्थिक दिक्कतों का जिक्र करते हुए राधा ने बताया, 'हम सभी बहुत गरीब परिवारों से आते हैं। हमारे ऊपर कर्ज भी है, कई तरह की जिम्मेदारियां भी हैं। मेरे अकेले के ऊपर 3 लाख रुपए का कर्ज है, लेकिन अब जब लॉटरी के रुपए मिलेंगे तो उम्मीद है कि मेरा कर्ज उतर जाएगा। बहुत सही वक्त पर हमारी ये लॉटरी लगी है।'
घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करती हैं तीन महिलाएं
वहीं, हरिता कर्मा सेना में कॉर्डिनेटर शीजा गणेश ने बताया, 'जब हमें पता चला तो हम भी काफी हैरान हुए, लेकिन खुशी भी हुई। ये बहुत मेहनत करने वाले लोग हैं। दिनभर काम में लगे रहते हैं। इन 11 महिलाओं में से तीन तो घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करती हैं, जबकि बाकी महिलाओं का काम कचरे को छांटना और उसका वजन करना है। ये महिलाएं हर महीने 8 से 14 हजार रुपए कमा पाती हैं।'












Click it and Unblock the Notifications