पूर्व अग्निवीरों को बड़ा तोहफा, CISF-BSF भर्ती में मिलेगा 10% आरक्षण, आयु में भी मिलेगी छूट
Agnivir Scheme: सेना में भर्ती की अग्निवीर योजना को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष सरकार पर इस योजना को लेकर शुरु से हमलावर है। इस बीच अग्निवीर योजना में बड़ा बदलाव सामने आया है।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएस), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) समेत कई केंद्रीय सशस्त्र बलों में कांस्टेबल के 10 प्रतिशत पद पूर्व अग्निवीर सैनिकों के लिए आरक्षित किए जाएंगे।

साथ ही पूर्व अग्निवीरों को सीआईएसएफ, बीएसएफ और आरपीएफ में कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण और आयु में छूट भी मिलेगी। ऐसे में इस विशेष छूट के बाद सेना अग्निवीरों को इन पदों में भर्ती का लाभ मिलेगा।
क्या है अग्निवीर योजना
बता दें कि सरकार ने जून 2022 में अग्निपथ भर्ती योजना शुरू की थी। इस प्रणाली के तहत सशस्त्र बल 17 से 21 वर्ष की आयु के सैनिकों को चार साल के कार्यकाल के लिए भर्ती करते हैं। इस अवधि के बाद इनमें से 25 प्रतिशत सैनिकों को स्थायी सेवा में रखा जाता है जबकि बाकी के अग्निवीर सेवानिवृत्ति राशि के साथ रिटायर हो जाते हैं।
योजना के विरोध में विपक्ष
कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने इस योजना की आलोचना की है। वे 75 प्रतिशत अग्निवीरों के भविष्य पर सवाल उठाते हैं आए हैं, जिन्हें चार साल के कार्यकाल के बाद भी नहीं रखा जाता। सेवा के बाद उनके रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी बार-बार चिंता जताई गई है।
CISF शुरू करेगा भर्ती
सीआईएसएफ की महानिदेशक नीना सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्णय के अनुसार सीआईएसएफ इस नई भर्ती प्रक्रिया की तैयारी कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में होने वाली सभी कांस्टेबल नियुक्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित रहेंगी।
पूर्व अग्निवीरों को शारीरिक परीक्षण में छूट और आयु में छूट का लाभ मिलेगा। पहले वर्ष में उन्हें आयु में पांच वर्ष की छूट मिलेगी, जिसे बाद के वर्षों में घटाकर तीन वर्ष कर दिया जाएगा।
बीएसएफ ने किया स्वागत
बीएसएफ के महानिदेशक नितिन अग्रवाल ने कहा कि कुल रिक्तियों में से 10 प्रतिशत पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे। भूतपूर्व अग्निवीरों के पहले बैच को आयु में पांच वर्ष की छूट मिलेगी, जबकि बाद के बैचों को तीन वर्ष की छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व अग्निवीरों की भर्ती करना फायदेमंद है क्योंकि वे चार साल का अनुभव और अनुशासन लेकर आते हैं।
आरपीएफ के महानिदेशक ने जताई खुशी
वहीं आरपीएफ के महानिदेशक मनोज यादव ने घोषणा की कि आरपीएफ में भविष्य में होने वाली सभी कांस्टेबल भर्तियों में भूतपूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बल को नई ताकत, ऊर्जा और मनोबल मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications