Telangana: तेलंगाना की कामारेड्डी सीट पर रोमांचक मुकाबला, KCR के खिलाफ उतरे कांग्रेस स्टेट चीफ रेवंत रेड्डी
Telangana Election News: कांग्रेस पूरे दमखम से साथ तेलंगाना विधानसभा चुनाव के समर में उतर चुकी है। कांग्रेस हर मोर्चे पर सत्ताधारी दल भारत राष्ट्र समिति (BRS) और केसीआर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। ऐसे में सोमवार रात को कांग्रेस ने अपने 16 उम्मीदवारों की तीसरा सूची जारी की। जिसके बाद अब कामारेड्डी सीट पर मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है। कांग्रेस ने यहां सीएम KCR के खिलाफ चुनावी मैदान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रेवंत रेड्डी को प्रत्याशी बनाया है।
16 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी में जो सबसे गौर करने वाली बात थी, वो यह थी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को कामारेड्डी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के खिलाफ उतारा गया है।

हालांकि दोनों की प्रत्याशी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। सीएम केसीआर जहां कामारेड्डी सीट के अलावा अपनी परंपरागत सीट गजवेल से भी चुनावी मैदान में हैं। वहीं रेवंत रेड्डी भी कोडांगल विधानसभा क्षेत्र से पहले ही उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं।
KCR को घेरने की रणनीति
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार सत्तारूढ़ दल बीआरएस को कड़ी चुनौती देने और सीएम केसीआर को चौतरफा घेरने की रणनीति के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। वहीं बीजेपी ने के वेंकट रमन्ना रेड्डी को कामारेड्डी सीट प्रत्याशी बनाया है।
2018 में जीती थी BRS, कांग्रेस दूसरे नंबर पर
ऐसे में तीनों दलों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कामारेड्डी विधानसभा सीट हाई प्रोफाइल सीट बन गई है। वहीं 2018 के चुनाव की बात करें तो कामारेड्डी सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। भारत राष्ट्र समिति के उम्मीदवार गंपा गोवर्धन को 68,167 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के मोहम्मद अली शब्बीर को 63,610 वोट आए। तीसरे नंबर पर बीजेपी प्रत्याशी वेंकट रमन्ना रेड्डी को 15,439 वोटों से साथ संतोष करना पड़ा।
हालांकि अब इस सीट पर मुख्यमंत्री केसीआर खुद चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि तेलंगाना की कुल 119 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान होगा। जिसके परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications