दिल का दौरा पड़ने से आंध्र प्रदेश के IT मंत्री गौतम रेड्डी का निधन, रविवार को दुबई से लौटे थे
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के आईटी और इंडस्ट्रीज मंत्री गौतम रेड्डी का दिल का दौरा पड़ने से सोमवार की सुबह निधन हो गया। 51 वर्ष की आयु में उन्होंने आखिरी सांस ली। सोमवार की सुबह-सुबह उनको दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। मंत्री के आकास्मिक निधन के चलते हर कोई सकते में है। बता दें कि गौतम रेड्डी नेल्लोर जिले के आत्मकुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे और जगन मोहन रेड्डी के कैबिनेट में मंत्री के रूप में कार्यरत थे।

खबरों के मुताबिक, 51 वर्षीय मंत्री राज्य के लिए निवेश लाने के लिए दुबई में थे और रविवार को वहां से हैदराबाद लौटे थे। इसके बाद वे अचानक घर में गिर गए फिर उन्हें आनन-फानन में जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अपने गहरे सदमे और दुख को व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक युवा होनहार नेता के रूप में अपने शुरुआती दिनों से मंत्री को जानते थे।
Recommended Video
युवा कैबिनेट सहयोगी के निधन के बारे में बात करते समय उनके पास शब्दों की कमी थी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। अस्पताल की तरफ से जारी किये गए बयान में कहा गया है कि मंत्री को सुबह सात बजकर 45 मिनट पर लाया गया था। मंत्री के अंदर किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं थी, सांस भी नहीं ले रहे थे और कार्डियक अरेस्ट आया हुआ था।
उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया और एडवांस कार्डियक लाइप सपोर्ट भी दिया गया। इसके बाद एमरजेंसी मेडिसिन टीम के स्पेशलिस्ट मौके पर पहुंचे और बहुत कोशिश की। करीब डेढ़ घंटे तक उनको सीपीआर दिया गया। उन्हें सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर मृत घोषित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications