तेलंगाना के निजामाबाद में कोरोना विस्फोट, एक शादी समारोह में शामिल हुए 87 लोग हुए संक्रमित
हैदराबाद। देश इस वक्त कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में है। रोजाना देश के अंदर रिकॉर्डतोड़ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। सरकार लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है, लेकिन जनता नियमों का उल्लंघन करने में लगी है, जिसका नतीजा है कि संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इस बीच तेलंगाना के निजामाबाद से ऐसी ही लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह में शामिल हुए 87 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

ट्रेसिंग करने में जुटे स्वास्थ्य अधिकारी
जानकारी के मुताबिक, निजामाबाद के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में 370 लोग शामिल हुए थे। इन सभी का जब कोविड टेस्ट कराया गया तो इनमें से 87 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। पॉजिटिव आए सभी लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांव में एक क्वारंटाइन सेंटर खोल दिया है, जहां इन सभी संक्रमितों को रखा गया है। कुछ मरीजों को निजामाबाद के सरकार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य अधिकारी उन लोगों को तलाश कर रहे हैं, जो इनके संपर्क में थे। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सिद्दपुर गांव में एक कैंप लगा दिया है, जिसके तहत ट्रेसिंग अभियान चलाया जा रहा है।
महाराष्ट्र से लगती है निजामाबाद की सीमा
आपको बता दें कि रविवार को, तेलंगाना के निजामाबाद जिले में 24 घंटे के अंदर कोरोना के 96 नए मामले दर्ज किए गए। यहां प्रशासन के लिए चिंता वाली बात इसलिए है क्योंकि निजामाबाद की सीमा महाराष्ट्र से लगती है। तेलंगाना में रविवार को 24 घंटे में 1,097 नए कोरोना के केस सामने आए और 6 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 8 हजार से ज्यादा अभी एक्टिव केस हैं।












Click it and Unblock the Notifications