बिहार के दो नेता तय करेंगे कि हिमाचल की सत्ता में कौन होगा काबिज
हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ओर से पार्टी प्रभारी के तौर पर मंगल पांडे की ताजपोशी के बाद अब कांग्रेस ने भी बिहार की तेज तर्रार सांसद रंजीत रंजन को सह प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया है।
शिमला। इस साल के अंत तक हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे चुनावों की रणनीति इस बार बिहार के हाथों तय होगी। अगली बार पहाड़ की सत्ता पर कौन काबिज होगा इसकी रणनीति बिहार के दो नेता तय करेंगे। दरअसल हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ओर से पार्टी प्रभारी के तौर पर मंगल पांडे की ताजपोशी के बाद अब कांग्रेस ने भी बिहार की तेज तर्रार सांसद रंजीत रंजन को सह प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया है।

पहाड़ की राजनीति तय करेंगे बिहारी
दोनों बिहारी नेता पहाड़ की राजनिति में क्या गुल खिलाते हैं यह तो भविष्य के गंर्भ में है लेकिन पस्त पड़ी हिमाचल कांग्रेस को रंजीत रंजन की नियुक्ति में अपना भविष्य उज्जवल दिखने लगा है। प्रदेश कांग्रेस के एक बड़े वर्ग का मानना है कि जिस तरीके से पार्टी प्रेसिडेंट सोनिया गाँधी और वाइस प्रेसिडेंट राहुल गाँधी ने बिहार के सुपौल की सांसद रंजीत रंजन पर बड़ा भरोसा जताया है, उससे चुनावों में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। रंजीत रंजन को आल इंडिया कांग्रेस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है और इसके साथ ही उन्हें नवनियुक्त महासचिव सुशील कुमार शिंदे के साथ चुनाव वाले हिमाचल प्रदेश का प्रभार सौंपा गया है। रंजीत रंजन की नियुक्ति के बाद से यहां की राजनीति में उनकी खूब चर्चा हो रही है।
Recommended Video


सांसद रंजीत रंजन को कांग्रेस ने बनाया चुनावी सह प्रभारी
रंजीत रंजन मधेपुरा के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पत्नी हैं। दूसरी बार सांसद बनीं हैं। रंजीत रंजन ने अपनी ख्याति खुद अपने दम पर हासिल की है। राहुल गांधी के भरोसे की टीम में वह हैं व संसद में जोरदार बहस के लिए जानी जाती हैं। माना जा रहा है कि रंजीत रंजन को हिमाचल प्रदेश का प्रभार सौंपे जाने की खास वजह भी है। इसके पीछे कारण यह कि रंजन की पृष्ठभूमि बिहार के अलावा पंजाब और जम्मू-कश्मीर से भी जुड़ी है। वह हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ पंजाबी भी ठीक से बोलती हैं।

हिमाचल में सत्ता की रणनीति बनाने में जुटी रंजीत
अपने हिमाचल के भावी कार्यक्रम के बारे में रंजीत रंजन ने बताया कि वह 20 अगस्त से पहले-पहले 10 दिवसीय कार्यक्रम बनाएंगी। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्र के हिसाब से बैठकें करने का निर्णय लिया है जिसमें वह पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से सीधे रूबरू होंगी। उन सब की बात सुनकर आगे की रणनीति बनाने का खाका खीचेंगी। रंजीत ने बताया कि उन्होंने पदभार संभालते ही हिमाचल से संबंधित पूरा फीडबैक अपने पास मंगवा लिया है। अब उसी पर धरातल स्तर पर काम करने के लिए वह पहले चरण में 10 दिवसीय प्रवास करेंगी। उन्होंने बताया कि चुनावी मुद्दे क्या होंगे ये इस 10 दिवसीय प्रवास के बाद प्रदेश प्रभारी से चर्चा कर तय होगा।

भाजपा ने बिहार के प्रदेशाध्यक्ष रहे मंगल पांडे को बनाया है प्रभारी
उधर भाजपा ने बिहार के ही मंगल पांडे को हिमाचल बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया है। मंगल पांडे बिहार के बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। मंगल पांडे का जन्म सीवान जिले के भृगु बलिया गांव में हुआ। मंगल पांडे 1989 में बीजेपी में शामिल हुए। 2005 में मंगल पांडे को बिहार भाजपा का महासचिव बनाया गया। 2012 में वे बिहार विधान परिषद के सदस्य बने।












Click it and Unblock the Notifications