हिमाचल बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने जारी किया TET का शेड्यूल
दोनों सत्रों में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा में 16 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे।
शिमला। एचपी बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने टेट का शेड्यूल जारी कर दिया है। नौ सितंबर से शुरू हो रही टेट परीक्षा में बोर्ड टीजीटी नॉन मेडिकल और एलटी की परीक्षा लेगा। दोनों सत्रों में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा में 16 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे।

बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक 10 सितंबर को 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी टेट देंगे। नौ और दस सितंबर को दो सत्रों में होने वाले टेट के लिए शिक्षा बोर्ड ने रोल नंबर जारी कर दिए हैं। नौ सितंबर को सुबह के सत्र में दस से साढ़े 12 बजे तक 53 परीक्षा केंद्रों में टीजीटी नॉन मेडिकल टेट होगा। इसके लिए शिक्षा बोर्ड ने 8759 परीक्षार्थियों को रोल नंबर जारी किए हैं। सायंकालीन सत्र में दो से साढ़े चार बजे तक भाषा अध्यापक टेट के लिए 48 केंद्र स्थापित किए गए हैं।
बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रदेश भर से 7206 परीक्षार्थियों को रोल नंबर जारी किए हैं। 10 सितंबर को बोर्ड टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल टेट लेगा। सुबह के सत्र में होने वाली टीजीटी आर्ट्स की शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 134 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जबकि 31922 परीक्षार्थियों को रोल नंबर जारी किए गए हैं। सायंकालीन सत्र में टीजीटी मेडिकल टेट 51 परीक्षा केंद्रों में होगा। इसके लिए बोर्ड ने 6828 परीक्षार्थियों को रोल नंबर जारी किए हैं। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलवीर तेगटा ने बताया कि बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org से अभ्यर्थी रोल नंबर डाउनलोड कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications