Solan Ragging: नहीं पी शराब तो यूनिवर्सिटी के सीनियर्स ने की रैगिंग, छात्र को बेल्ट से पीटा, Video वायरल
Solan Ragging Case: सोलन के कंडाघाट में स्थित एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से रैगिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रैगिंग के दौरान जब छात्र ने शराब पीने से इनकार किया तो सीनियर्स छात्रों ने उसकी की बेल्ट से पिटाई की। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अभी तक पांच आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। खबर के मुताबिक, पीड़ित छात्र ने कंडाघाट पुलिस थाने में रैगिंग की शिकायत की गई थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया था कि फाइनल ईयर के कुछ छात्र उसे काफी समय से परेशान कर रहे थे।

दो दिन पहले वे उसे जबरन एक कमरे में ले गए, जहां उसकी रैगिंग की गई और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उन्होंने मारपीट करते हुए शराब पीने का दबाव बनाया। शराब पीने से जब छात्र ने मना किया तो लात-घूसों और बेल्ट के साथ उसकी पिटाई की। इस मामले में सोलन एसपी गौरव सिंह ने बताया कि रैगिंग की शिकायत मिली है।
एसपी ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (2) के तहत बंधक बनाने और एंटी रैगिंग कानून तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया कि इस मामले में फिलहाल 5 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें कि इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में एक युवक को कुछ युवक घेरे हुए हैं और ये लोग छात्र को बेल्ट से बेरहमी से पीट रहे हैं। वहीं, इस वीडियो के सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विनीत कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर यूनिवर्सिटी की एंटी रैगिंग कमेटी की मीटिंग हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications