Bumber Thakur: बंबर ठाकुर शूटआउट मामले में SIT का गठन, कांग्रेस के पूर्व MLA पर बरसाईं थीं गोलियां
Bumber Thakur: कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर शूटआउट मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। इस दल का नेतृत्व डीआईजी, सेंट्रल रेंज करेंगे और एडीजी ज्ञानेश्वर सिंह इसकी निगरानी करेंगे। इस जांच दल में बिलासपुर एसपी सहित दो और अधिकारियों को शामिल किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर होली के दिन यानी शुक्रवार को चार आरोपियों ने गोलियां बरसाईं थी। इस शूटआउट में बंबर ठाकुर और उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कर्मी घायल हो गया थे। बंबर की बाईं टांग में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) एवं अस्पताल में भर्ती किया गया था।

वहीं, दो गोलियां सुरक्षा कर्मी को लगी थी, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस मामले की जांच कर रही पुलिस को एक बोलेरो गाड़ी मंडी जिले के पास चक्र से बरामद हुई है। साथ ही, पुलिस ने उसी जगह के पास एक पिस्तौल बरामद की है। गाड़ी के चालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदमाशों ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब बंबर ठाकुर बिलासपुर शहर के वीआईपी चंगर सेक्टर स्थित अपनी पत्नी के सरकारी आवास पर लोगों से मिल रहे थे। चश्मदीदों के अनुसार हमलावरों ने 22 से 24 राउंड फायर किए थे। बंबर साथ ही खड़ी इनोवा गाड़ी के पीछे छिप गए। इस बीच हमलावर अंधाधुंध गोलियां बरसाते रहे थे।
एक गोली बंबर की टांग पर लगी है। दो गोलियां बिलासपुर के रहने वाले पुलिसकर्मी संजीव कुमार को लगी हैं। हालांकि, सुरक्षाकर्मी ने भी अपने पिस्तौल से जवाबी फायर किया, जिसके बाद हमलावर मौका-ए-वारदात से भाग गए। इस घटना के बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, बंबर ठाकुर ने एम्स में इलाज करवाने से मना किया, जिसके बाद उन्हें आईजीएमसी रेफर किया गया है। बंबर की सुरक्षा में आईजीएमसी में 10 से 12 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि गोलीकांड के तार बंबर पर पिछले साल फरवरी में रेल लाइन कंपनी के कार्यालय में हुए हमले के मुख्य आरोपी से जुड़ रहे हैं।
एक युवक ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे चार हमलावरों में से दो की पहचान की है। उसके अनुसार दो हमलावर मुख्य आरोपी के साथ देखे थे। वे हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं। एक अन्य फुटेज से पता चला है कि चारों आरोपी हमला करने के बाद बिलासपुर बस अड्डा के पास पहुंचे। वहां से बोलरो गाड़ी में बैठकर फरार हो गए।












Click it and Unblock the Notifications