हादसों का गुरुवार: दो घंटे के भीतर दूसरी सड़क दुर्घटना, चार की मौत
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में हुये दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि चार घायल हैं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में हुये दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि चार घायल हैं। पहले हादसे में जहां कालाघाट के पास कार गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई तो दूसरे हादसे में दानोघाट के पास कार पर चट्टान गिरने से एक कार सवार की मौत हो गई।

200 फीट गहरे खाई में गिरी कार
मिली जानकारी के मुताबिक बीती देर रात सोलन जिला में सेालन से सटे जौणाजी सड़क पर कालाघाट के पास एक कार अंनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन है। यह चारों युवक सोलन से जौणाजी की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना घायल युवक ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के माध्यम से घायल युवक और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घायल युवक की हालत गंभीर
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय संजय, 22 वर्षीय तनु और 23 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। वहीं 21 वर्षीय रजत का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल में किया जा रहा है। उधर, 108 एम्बुलेंस सेवा के इएमटी विनोद कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात 108 नंबर पर सूचना मिली की कालाघाट के समीप एक कार सडक़ दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। वे एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और एक घायल को तुरन्त सोलन क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी।

ऑल्टो कार के ऊपर गिरी चट्टान
एक अन्य हादसे में नेशनल हाईवे पर सोलन में दनोघाट के पास चलती कार पर पत्थर गिर गया जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक दंपत्ति ऑल्टो कार एचपी में शिमला से दाड़लाघाट की ओर जा रहा था। इस दौरान दनोघाट के समीप पहाड़ी से पत्थर गिर गया। पत्थर इतना बड़ा था कि गाड़ी का एक हिस्सा चकनाचूर हो गया। इसमें अंबुजा सीमेंट कंपनी के जीएम कृष्ण नेगी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 46 वर्षीय राम प्यारी व बेटी अंबिका और कार चालक बाबुराम को चोटें आई हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अर्की अस्पताल लाया गया, वहीं मृतक का शव एकत्र लोगों द्वारा बड़ी मुश्किल से गाड़ी से बाहर निकाला गया। मृतक चिढग़ांव जिला शिमला का रहने वाला था।












Click it and Unblock the Notifications