Mandi Rains: 'हमने सब कुछ खो दिया...', मंडी में अपने घरों को छोड़कर कैंप में शिफ्ट हुए परिवारों का दर्द
Mandi Heavy Rains News: हिमाचल प्रदेश इस वक्त बारिश के रौद्र रूप का सामना कर रहा है। पूरे राज्य में जबरदस्त बारिश हो रही है, जिसके चलते लैंडस्लाइड की घटनाएं भी सामने आई है। मंडी जिले का भी हाल बुरा है। बारिश के चलते यहां का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
जोरदार बारिश की वजह से ब्यास नदी ने अपना रौद्र रूप धारण किया हुआ है। जिसके चलते सोमवार को एक बार फिर ताबाही जैसा मंजर देखने को मिला। राज्य में 20 लोगों की मौत हो चुकी है।

कैंप में शिफ्ट हुए बेघर लोग
वहीं मंडी प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को भोजन, दवा और सोने की सुविधा के लिए ब्यास सदन में एक राहत शिविर स्थापित किया। यह कैंप उन लोगों के लिए है, जिनके घर ब्यास नदी में डूब गए हैं या जो निचले इलाकों में रह रहे थे।
परिवारों का छलका दर्द
मंडी में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित एक स्थानीय शख्स ने कहा कि हमने सब कुछ खो दिया... सुबह-सुबह 10-11 बजे के आसपास पानी हमारे घरों में घुस गया और हम अपना कोई भी सामान नहीं बचा सके। प्रशासन ने हमें निकासी के बारे में सूचित नहीं किया।
20 लोगों की मौत
इधर, हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर ओंकार चंद शर्मा, प्रधान सचिव, राजस्व व आपदा प्रबंधन ने बताया कि प्रदेश में 2 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंडी में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा है। भारी बारिश के चलते बहुत जगह ब्रिज और सड़कें अवरुद्ध हैं। अब तक भूस्खलन और घर गिरने की वजह 20 लोगों की मृत्यु हुई है। ब्यास नदी के किनारे फंसे 6 मजदूरों को बचा लिया गया है।
पुलिस प्रशासन अलर्ट
वहीं मंडी में बारिश को लेकर SP सौम्या सांबशिवन ने कहा कि यहां सभी नदियां उफान पर हैं, बहुत ज्यादा उग्र स्थिति है। कई इमारतें, पुल जलमग्न हो चुके हैं। जहां-जहां लोगों को खतरा है, वहां से हमने उन्हें निकाला है। जो लोग नदी के बिल्कुल पास रह रहे हैं, ऐसे 80 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। नदी के निकट वाले घोरों को भी खाली कराया गया है। हम लगातार अभी इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नदी के किनारे जितने घर थे वहां पर रहने वाले लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट कर दिया गया है। अभी काफी हद तक स्थिति कंट्रोल हुई है। कल से अभी तक 3-4 लोगों की मौत रिपोर्ट हुई है।












Click it and Unblock the Notifications