'कांग्रेस UCC का विरोध करती है, मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया का समर्थन करती है', मंडी में बरसे पीएम मोदी
PM Modi Mandi Rally: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैराथन रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार (24 मई) को पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की वकालत की। साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमलावर नजर आएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर मुस्लिम पर्सनल लॉ की आड़ में इस्लामिक कानून शरिया का समर्थन करने का बड़ा आरोप लगाया। साथ ही कहा कि मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है।

पीएम मोदी मंडी में एक्ट्रेस कंगना रनौत के समर्थन में रैली करने पहुंचे, जहां वो विशाल जनसभा में कांग्रेस पर आक्रामक नजर आएं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, 'मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है। भारत का नागरिक भले ही वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो, ईसाई हो, बौद्ध हों, उनके लिए एक समान नागरिक कानून होने चाहिए। लेकिन कांग्रेस समान नागरिक संहिता का विरोध कर रही है। कांग्रेस मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया को समर्थन देती है।'
पीएम मोदी ने कंगना रनौत को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "कांग्रेस उसी दकियानूसी सोच में डूबी हुई है। आपने देखा है कि अपने दम पर सफलता हासिल करने वाली बेटियों को कांग्रेस क्या बोलती है? कांग्रेस ने मंडी का नाम लेकर कंगना जी के लिए जो भद्दी बातें कही हैं, वो मंडी का अपमान है, छोटी काशी का अपमान है, हिमाचल का अपमान है, हिमाचल की हर बेटी का अपमान है। कांग्रेस ने इसके लिए आज तक माफी तक नहीं मांगी।"
नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "ये कांग्रेस, 21वीं सदी में आ ही नहीं पाई। लोग आगे बढ़ते हैं, कांग्रेस उल्टा चलती है। ये 20वीं सदी की तरफ जा रही है। कांग्रेस का शाही परिवार घोर बेटी-विरोधी है, कांग्रेस महिला विरोधी है।" पीएम मोदी ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में मंडी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत युवाओं और "हमारी बेटियों" की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "5 चरणों के चुनाव हो चुके हैं और इन 5 चरणों में बीजेपी NDA को बहुमत से ज्यादा सीटें मिल चुकी हैं। अब इसमें हिमाचल की 4 सीटें जुड़ जाएगी तो सोने पर सुहागा हो जाएगा और मैं देख रहा हूं कि हिमाचल फिर एक बार मोदी की सरकार और 400 पार से हैट्रिक बनाने जा रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications