Kullu Cloudburst: हिमाचल में बादल फटने से भारी तबाही, 20 से अधिक घर बर्बाद, 10 लाख रुपये की मदद देगी सरकार
Kullu Cloudburst: खराब मौसम के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच कुल्लू में आसमानी आफत बरसने के कारण बड़ी संख्या में लोग विस्थापन के कगार पर हैं।
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार कुल्लू के गडासा घाटी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। घटना की वीडियो स्थानीय लोगों ने शेयर की है, जिसकी स्थानीय प्रशासन ने भी पुष्टि की है।

बादल फटने के बाद भयावह मंजर
बादल फटने की VIDEO में बेहद तेज गति से बहते पानी के साथ मिट्टी का कटाव और आसपास के जलमग्न क्षेत्रों का भयावह मंजर देखा जा सकता है। कुल्लू के अलावा भी कई क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बादल फटने के बाद पानी का बहाव बहुत तेज
हिमाचल के कुल्लू में विचलित करने वाले विजुअल सामने आने के बीच प्रशासन लोगों की हरसंभव मदद करने में जुटा है। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे बादल फटा। पानी का बहाव बहुत तेज़ है।
कुल्लू में 10 लाख रुपये की सरकारी मदद
उपायुक्त ने बताया कि बादल फटने की घटना से 23 परिवार प्रभावित हुए हैं। 5 परिवारों के घर बाढ़ में पूरी तरह से नष्ट हो गया। बाकी 18 परिवारों के घर आंशिक रूप से नष्ट हुए हैं। सभी को 10 लाख रुपए की राहत दी गई है। 20 परिवारों को राशन दिया गया है। पुनर्वास के इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
सड़कों और पुलों को भी भारी नुकसान
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कुल्लू में बादल फटने की घटना पर उपायुक्त ने कहा, कुल्लू के दो गांवों में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सड़कों और पुलों को भी भारी नुकसान हुआ है। सभी प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के प्रयास जारी हैं।
मूसलाधार बारिश की मार, भूस्खलन की भी खबरें
गौरतलब है कि मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत देख के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने की खबरें भी सामने आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications