धर्मशाला में विधानसभा के मुख्य गेट और दीवार पर खालिस्तान का झंडा लगा मिला
चंडीगढ़, 08 मई। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित विधानसभा के मुख्य द्वार पर आज सुबह खालिस्तान का झंडा लगा मिला है। अज्ञात व्यक्तियों ने ना सिर्फ हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य गेट बल्कि दीवार पर खालिस्तान का झंडा चिपका दिया। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि ये हरकत किसने की है। कांगड़े के एसपी कुशल शर्मा ने बताया कि हो सकता है कि इस घटना को आधीर रात या फिर सुबह किसी ने अंजाम दिया हो, हमने विधानसभा के गेट से खालिस्तान के झंडे को हटा दिया है। पंजाब से आए पर्यटकों की यह हरकत हो सकती है। हम इस मामले में आज केस दर्ज करेंगे।

विधानसभा के मुख्य गेट पर खालिस्तान का झंडा लगा होने की सूचना पाकर कांगड़ा पुलिस ने इसे हटवाया।
डीसीपी डॉक्टर निपुण जिंदल ने बतायाकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है। आसपास लगे कैमरों की पड़ताल की जारही है, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने विधानसभा के गेट पर 5-6 खालिस्तानी झंडेलगाए और खालिस्तान जिंदाबाद के नारे दीवार पर लिख दिए। झंडों को हटा लिया गया है और दीवार पर लिखे नारों को साफ करवा दिया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और इसकी जांच की जा रही है। बता दें कि पिछले महीने 26 अप्रैल को खुफिया विभाग ने अलर्ट किया था कि इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं।
वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, धर्मशाला विधानसभा परिसर के गेट पर रात के अंधेरे में खालिस्तान के झंडे लगाने वाली कायरतापूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं। इस विधानसभा में केवल शीतकालीन सत्र ही होता है इसलिए यहां अधिक सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता उसी दौरान रहती है। इसी का फायदा उठाकर यह कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना की त्वरित जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि यदि हिम्मत है तो रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं।












Click it and Unblock the Notifications