अनंतनाग में घर का इकलौता बेटा शहीद, 2 महीने बाद होनी थी लांस नायक प्रवीण की शादी, तिरंगे में लिपटा आया शव
Anantnag Encounter: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में हुई आतंकियों से मुठभेड़ में हिमाचल प्रदेश का 'लाल' शहीद हो गया। सिरमौर जिले के लांस नायक प्रवीण शर्मा ने 28 साल की उम्र में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
अनंतनाग में सेना के ऑपरेशन रक्षक के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ में प्रवीण शहीद हो गए। शहीद प्रवीण शर्मा उपमंडल राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र के पालू गांव के रहने वाले थे, उनकी शहादत की खबर से परिवार सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

28 साल के प्रवीण शर्मा शहीद
वन पैरा स्पेशल फोर्स में तैनात प्रवीण शर्मा की उम्र 28 साल थी, वो अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और दो महीने बाद यानी अक्टूबर में उनकी शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही घर में जवान बेटे की शहादत की खबर ने सबको तोड़कर रख दिया। शहीद प्रवीण अपने पीछे पिता राजेश शर्मा और मां रेखा शर्मा को छोड़कर चले गए।
शहादत की खबर सुनते ही मची चीख पुकार
मालूम हो कि शनिवार को दोपहर को शुरू हुई इस मुठभेड़ में प्रवीण शर्मा ऑपरेशन रक्षक का हिस्सा थे, जो कि आतंकियों की गोलीबारी में शहीद हो गए। देर शाम भारतीय सेना ने उनके परिवार को शहादत की सूचना दी, जिसके बाद पूरे घर में मातम फैल गया।
दो महीने बाद थी शादी
आज (सोमवार) उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने वाला है। प्रवीण दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी जुलाई में सगाई हुई थी और अक्टूबर में शादी तय थी। परिवार जहां बेटे के सिर पर सेहरा सजा देखना चाहता था, लेकिन अब वो आंखें पथराई हुई हैं। परिवार में शादी की तैयारियां भी चल रही थी। लेकिन अब हर तरफ बस सन्नाटा पसरा है।
इससे पहले 24 जुलाई को श्रीनगर के पास आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान गनर दिलावर खान बलिदान हुए थे, जो कि हिमाचल के ऊना जिला के रहने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications