देश के सबसे लंबे रूट दिल्ली-लेह की बस सेवा सरकार ने की बंद, बताया- अब कब होगी शुरू
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने अपना (बस सेवा वाला) देश का सबसे लंबा दिल्ली-लेह रूट बंद कर दिया है। एचआरटीसी ने कहा है कि, अब यह सेवा जून 2022 में बहाल होगी। वहीं, दिल्ली-लेह रूट तक जाने वाली बस जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति मुख्यालय केलांग तक अपनी सेवा जारी रखेगी। हालांकि, केलांग से आगे लेह तक यह बस सेवा बंद कर दी गई है।

एचआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि, हिमाचल में लगातार हो रही भूस्खलन की घटनाओं, बर्फबारी और खराब मौसम के चलते यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि, आने वाले समय में यह सेवा फिर से बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि, उम्मीद है कि अगले साल यानी कि जून, 2022 से बसें चलने लगेंगी। बहरहाल, इस मार्ग में लेह तक सेवा देने गई एचआरटीसी की बस लेह से लौट आई है और गुरुवार से इस रूट पर बस सेवा बंद कर दी गई है।

भारी बर्फबारी के बीच BRO ने किया खूब काम
मालूम हो कि, हिमाचल और उत्तराखंड राज्यों में नवंबर-दिसंबर की बर्फबारी के कारण लद्दाख तक पहुंचने के सभी सड़क मार्ग बंद हो जाते हैं। इसके बाद अप्रैल-मई में उनके खुलने का सिलसिला शुरू होता है, लेकिन इस बार सीमा विवाद को देखते हुए सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ ने अपनी रणनीति में बदलाव किया था। जिसके तहत तय वक्त से पहले लेह-मनाली हाईवे को खोलने का काम शुरू हो गया। इससे पहले बीआरओ ने कारगिल-लेह हाईवे को भी तय वक्त से पहले फरवरी में ही खोल दिया था। बीआरओ के आॅफिसर कहते हैं कि, हिमाचल में पर्वतीय इलाका होने की वजह से सड़कें जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। यहां लाहौल में 16,043 फीट की ऊंचाई पर स्थित बारालाचला पास लेह को जोड़ता है। वैसे तो इसको खोलने की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होती है, लेकिन इस बार बीआरओ ने बहुत पहले ही इसे खुलवा दिया था। इलाके में मार्च में बीआरओ ने अपनी टीम को हेलीकॉप्टर के जरिए भेजने का प्लान बनाया था, हालांकि बाद में टीम पैदल 20 किमी चलकर सर्चू पहुंची और तब रूट संभाला गया।
अब बारिश और भूस्खलन होने लगा तो मनाली-लेह हाईवे समेत कई राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गए।












Click it and Unblock the Notifications