'किसी की उपेक्षा का सवाल ही नहीं...', प्रतिभा सिंह ने ऐसा क्या कहा कि भूपेश बघेल को देना पड़ा जवाब
हिमाचल में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। ऐसे में अब पार्टी में सीएम पद की चर्चा होनी शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने साफ किया कि हाईकमान ही इस पर फैसला लेगा।

Recommended Video
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है, ऐसे में अब वहां पर सीएम फेस पर चर्चा शुरू हो गई। हिमाचल के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह इस बंपर जीत का श्रेय अपने स्वार्गीय पति को दे रहीं। साथ ही उन्होंने ये भरोसा जताया कि पार्टी हाईकमान उन्हें निराश नहीं करेगा। उनके इस बयान के बाद से हिमाचल के राजनीतिक गलियारों में हलचल मची है। साथ ही ये अनुमान लगाया जा रहा कि प्रतिभा सिंह मजबूती से सीएम की कुर्सी पर दावा ठोंक रहीं। अब उनके बयान पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया सामने आई है।
शिमला में सीएम और पार्टी के हिमाचल प्रदेश पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने कहा कि पहले विधायक दल की बैठक होगी। हाईकमान जो भी फैसला करेगा वही फाइनल होगा। शिमला के लोग जीते, कांग्रेस जीती और कार्यकर्ता और नेता जीते। हर कोई काम कर रहा था। प्रियंका गांधी वाड्रा ने सबसे अहम भूमिका निभाई। सोनिया-राहुल गांधी का आशीर्वाद था। पार्टी प्रमुख के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में यह पहली जीत है। उन्होंने आगे कहा कि किसी की उपेक्षा का सवाल ही नहीं है। आगे बढ़ने के लिए सभी को साथ लिया जाएगा। सभी को अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है। कोई दिक्कत नहीं है।
ये था प्रतिभा सिंह का पूरा बयान
मीडिया से बात करते हुए हिमाचल कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि वे उनके (वीरभद्र सिंह) परिवार की उपेक्षा नहीं कर सकते। हम उनके नाम, चेहरे और काम पर जीते हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि आप उनके नाम, चेहरे और परिवार का उपयोग करें, और किसी दूसरे को श्रेय दें। हाईकमान ऐसा नहीं करेगा।
बीजेपी को कितनी सीटें मिली?
हिमाचल विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं, जिसमें पूर्ण बहुमत के लिए 35 सीटें चाहिए। वहां पर कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी के खाते में 25 सीटें आईं। इसके अलावा तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं। इसका उल्टा परिणाम गुजरात में आया, वहां बीजेपी ने 156 सीटें और कांग्रेस ने 17 सीटें जीतीं।












Click it and Unblock the Notifications