Himachal Pradesh का CM कौन? आज शिमला में होने वाली कांग्रेस नवनिर्वाचित विधायक की बैठक में होगा फैसला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को लेकर आज कांग्रेस पार्टी एक अहम मीटिंग करने वाली है। इस बैठक में सभी नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे। यह बैठक शिमला में आयोजित होगी। कांग्रेस को राज्य में 40 सीटों पर जीत मिली है।

Recommended Video
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। कांग्रेस ने राज्य की 68 सीटों में से 40 पर जीत दर्ज कर 5 साल बाद फिर से सत्ता में वापसी की है। वहीं बीजेपी को सिर्फ 25 सीटों पर जीत मिली है। इस मैज्योरिटी के बाद अब हर किसी की नजरें इस बात पर हैं कि कांग्रेस पार्टी किस चेहरे को मुख्यमंत्री घोषित करती है, क्योंकि वीरभद्र सिंह के निधन के बाद पार्टी के सामने नए सीएम का फैसला करना काफी चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है, लेकिन इस बात का फैसला शुक्रवार यानि कि आज हो जाएगा।
आज अहम मीटिंग में होगा सीएम फेस का ऐलान
कांग्रेस पार्टी ने आज अपने नवनिर्वाचित विधायकों की एक अहम मीटिंग बुलाई है। यह मीटिंग शिमला में होगी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष को विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुनने के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। इससे पहले पार्टी ने अपने सभी विधायकों को चंडीगढ़ बुलाया था, लेकिन विधानसभा चुनाव में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद कार्यक्रम बदला गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने बताया कि परिणाम आने के बाद यह तय हुआ कि शुक्रवार को शिमला में एक बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
दो पर्यवेक्षक जाएंगे शिमला
आपको बता दें कि हिमाचल के सीएम के चयन कि जिम्मेदारी राज्य के दो पर्यवेक्षकों को दी गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र हुड्डा शामिल हैं। यह दोनों नेता आज ही शिमला के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि विधायकों की मीटिंग में यह दोनों वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं। बता दें कि सियासी गलियारों में तो नए मुख्यमंत्री के लिए प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।
क्या प्रतिभा सिंह होंगी नई सीएम?
प्रतिभा सिंह ने गुरुवार को एक बयान देकर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि वैसे तो सभी विधायक मिलकर अपने नेता का चुनाव करेंगे, लेकिन मैं यह कहना चाहूंगी कि यह चुनाव वीरभद्र सिंह के नाम पर लड़ा गया था तो क्या ऐसे में उनके परिवार की विरासत को नजरअंदाज किया जा सकता है? प्रतिभा सिंह ने इस दौरान यह भी कहा कि हालांकि वो खुद को सीएम पद की रेस में नहीं समझती हैं। आपको बता दें कि अगर प्रतिभा सिंह राज्य की नई सीएम बनती हैं तो हिमाचल में पहली बार कोई महिला मुख्यमंत्री बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications