कांगड़ा: ज्वाला देवी मंदिर में प्रियंका गांधी ने की पूजा, अगले पांच सालों में 5 लाख रोजगार देने का वादा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) हिमाचल के दौरे पर हैं। जिसके तहत वो शुक्रवार को कांगड़ा पहुंचीं और ज्वाला देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। दर्शन के बाद प्रियंका गांधी ने नगरोटा बगवां में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस सीट से कांग्रेस नेता आरएस बाली चुनाव मैदान में हैं।

लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले 5 सालों में कितने नौजवानों को रोजगार मिला? छत्तीसगढ़ में 3 सालों में 5 लाख रोजगार दिए गए, राजस्थान सरकार ने 1 लाख 30 हजार नौकरियां दिलवाई हैं। हिमाचल में 63 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर केंद्र में हमारी सरकार आएगी, तो हम अग्निपथ योजना को रद्द कर देंगे। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। छत्तीसगढ़ में हमने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था और इसे लागू किया गया।
Recommended Video
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भ्रष्ट बीजेपी सरकार को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करना असंभव लगता है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि कांग्रेस की सरकार ने कई राज्यों में ये कर दिखाया है। हिमाचल से भी वादा किया गया और सरकार बनते ही इसे भी पूरा किया जाएगा। हमने अच्छी नीयत से छत्तीसगढ़ में कार्य किया और उसी का फल है कि आज छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम है। हम हिमाचल प्रदेश में भी इसी नीयत के साथ प्रदेश की जनता के लिए विकासकार्य करना चाहते हैं।
प्रियंका ने वादा किया कि अगर हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी, तो अगले 5 साल में 5 लाख रोजगार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की व्यवस्था बदलने के लिए आपको इस सरकार को बदलना होगा। परिवर्तन लाइए, बदलिए इस सरकार को। जो हमने कहा है, हमने अक्षरश: वैसा ही किया है। इस बार भी हिमाचल प्रदेश की जनता को सरकार बनने के बाद हम 10 गारंटी देने वाले हैं, वो भी हम पूरी करेंगे। हम गारंटी इसलिए दे रहे हैं क्योंकि हमने दूसरे राज्यों में ये कर के दिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications