Himachal By Election 2024 Voting: तीन सीटों पर मतदान जारी, देहरा क्यों है हॉट,जानिए कहां कितना पड़ा वोट
Himachal By Election 2024 Voting: हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है।
तीनों ही सीट पर निर्दलीय विधायकों ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद ही प्रदेश में उपचुनाव हो रहे हैं। इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलीय विधायक बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

कई मतदान केंद्रों पर बारिश के बावजूद मतदान को लेकर लोगों में उत्साह है। देहरा में 100, हमीरपुर में 94 और नालागढ़ में 121 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 315 पोलिंग बूथ और 23 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। यहां अतिरिक्त सुरक्षा बल नियुक्त किया है। 9 बजे तक हमीरपुर में 15.71, नालागढ़ में 16.48, देहरा में 15.70 प्रतिशत फीसदी मतदान हुआ है।
सुबह 8 बजे से ही मतदान चल रहा है जो कि शाम 6 बजे तक चलेगा। तीनों सीटों पर कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 93 हजार 831 मतदाता हैं। देहरा विधानसभा क्षेत्र में 84 हजार 694 और हमीरपुर में 76 हजार 892 मतदाता हैं।
देहरा विधानसभा क्षेत्र में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस से कमलेश ठाकुर और बीजेपी से होशियार सिंह के बीच मुख्य मुकाबला है। कांग्रेस से सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में सबकी निगाहें इस सीट पर लगी हुई हैं।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस से हरदीप सिंह बावा, भाजपा से केएल ठाकुर, स्वाभिमान पार्टी से किशोरी लाल शर्मा तथा हरप्रीत सिंह और विजय सिंह बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रत्याशी मैदान में है।
यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में है। हमीरपुर से भाजपा के आशीष शर्मा, कांग्रेस पार्टी के डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी नंद लाल शर्मा चुनावी मैदान में हैं। विधानसभा में मौजूदा समय में विधायकों की कुल संख्या 65 है। कांग्रेस के 38 विधायक हैं। भाजपा के विधायकों की संख्या 27 है। ऐसे में हार जीत कुछ भी हो हिमाचल की सुक्खू सरकार पर ज्यादा असर नहीं पड़ने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications