रूसी दूल्हे ने यूक्रेन की दुल्हन से धर्मशाला में रचाई शादी, 'युद्ध नहीं, प्रेम करने' का दिया संदेश
रूसी दूल्हे ने यूक्रेन की दुल्हन से धर्मशाला में रचाई शादी, 'युद्ध नहीं, प्रेम करने' का दिया संदेश
धर्मशाला, 06 सितंबर: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले कई महीनों से युद्ध जारी है। इस युद्ध का सबसे बड़ा खामियाजा दोनों देशों के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। इस युद्ध के बीच रूस और यूक्रेन से एक प्रेमी जोड़ा भारत पहुंचा और अपने-अपने देशों को प्रेम का संदेश भेजा है। दरअसल, रूस में जन्मे दूल्हे और यूक्रेन की दुल्हन ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अपनी शादी का पंजीकरण कराया।
Recommended Video

'युद्ध नहीं, प्रेम करने' का दिया संदेश
इस दौरान दोनों ने रूस और यूक्रेन से 'युद्ध नहीं, प्रेम करने' का आग्रह किया है। यूक्रेन की 28 वर्षीय अलोना बर्माका और रूस में पैदा हुए 37 वर्षीय सर्गेई नोविकोव (इजराली नागरिक) ने एक महीने पहले हिंदू परंपरा के मुताबिक शादी की थी। जिसका पंजीकरण उन्होंने 05 सितंबर को धर्मशाला कराया। शादी का रजिस्टर होने के बाद दोनों ने मीडिया से बातचीत की और इस दौरान रूस और यूक्रेन को संदेश दिया: प्यार करो युद्ध नहीं।

क्या कहा रूसी दूल्हे सर्गेई नोविकोव ने
रूस में जन्मे दूल्हे सर्गेई नोविकोव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'हम इजराइल और यूक्रेन से यहां आए हैं। हम इजराइल में मिले और पिछले छह सालों से साथ हैं।' सर्गई नोविकोव ने कहा कि हम पिछले साल भारत आए और महसूस किया कि हिंदू परंपरा से शादी करने के लिए यह एक विशेष जगह (धर्मशाला) है। कभी रूस और यूक्रेन भाई जैसे थे। हमें प्यार करने की जरूरत है, युद्ध की नहीं। युद्ध वहां की आम जनता के लिए नहीं है, बल्कि उन सरकारों के लिए है जो लड़ रहे हैं।'

भारत की संस्कृति की तारीफ
वहीं, यूक्रेन से आई दुल्हन अलोना बर्माका ने कहा, 'मैं इजराइल में सर्गेई से मिली थी। हम लगभग छह साल से साथ हैं। जब हम भारत आए तो हमने अपनी आत्माओं को जोड़ने के लिए शादी करने का फैसला किया। हमें भारत और इसकी संस्कृति काफी पसंद है, जो कि बहुत गहरी, अच्छी और प्यारी है।'

क्या कहा एसडीएम शिल्प बेकता ने
धर्मशाला एसडीएम शिल्प बेकता ने इस शादी के बारे में कहा, 'हम विशेष विवाह अधिनियम के तहत धर्मशाला में विदेशियों के लगभग 40% विवाह का रजिस्ट्रेशन करते हैं। विशेष विवाह अधिनियम की धारा 11 के तहत इस विवाह का भी रजिस्ट्रेशन किया गया। दुल्हन यूक्रेनी नागरिक है, जबकि दूल्हा रूसी मूल का इजरायली नागरिक है।'












Click it and Unblock the Notifications