शिमला दौरे में पीएम मोदी ने सीएम जय राम ठाकुर पर जताया भरोसा, बदलाव के लिए अनुराग ठाकुर को करना होगा इंतजार
शिमला, 31 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शिमला दौरा प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को नई ऊर्जा दे गया जिससे उनके समर्थक पीएम मोदी से अपने नेता को मिली तारीफ से गदगद हैं। बदले राजनीतिक महौल में अब साफ हो गया है कि आने वाले समय में अब हिमाचल भाजपा में जय राम ठाकुर की ही चलेगी व उन्हें हटाने को लेकर चल रही कयासबाजी बेमानी साबित होगी। दरअसल, शिमला में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन के बहाने सीएम जय राम ठाकुर ने आज अपना पूरा दम-खम दिखाया और रैली में भीड़ जुटाकर नया संदेश दिया। पिछले कई दिनों से इसको लेकर सीएम खूब मशक्कत कर रहे थे। मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने के अवसर पर आयोजित इस रैली की कामयाबी ने प्रदेश की राजनीति में नई इबारत लिख दी है। हालांकि इससे पहले कहा जा रहा था, कि शायद इस मौके पर भीड़ न जुटे। यही वजह रही कि आखिरी समय तक भाजपा संगठन और सरकार शिमला में घर-घर जाकर लोगों को रैली में आने का निमंत्रण देते रहे। आखिर मेहनत रंग लाई और लोग मोदी को सुनने पहुंचे। कई मायनों में कार्यक्रम सफल रहा।

अनुराग ठाकुर की उम्मीदों पर फिरा पानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज खुलकर सीएम जय राम ठाकुर की तारीफ कर स्पष्ट कर दिया कि आने वाले चुनाव उनके ही नेतृत्व में लड़े जायेंगे। आने वाले समय में प्रदेश में कोई बदलाव नहीं होगा। सीएम जय राम ठाकुर को मिली शाबासी और उनकी सरकार की नीतियों की सराहना से उनके विरोधियों को झटका लगा है जो एक अरसे से जय राम ठाकुर को हटाने के तिकड़म भिड़ा रहे थे। बदले हालातों में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उम्मीदों पर भी पानी फिरता नजर आ रहा है। यही वजह रही कि पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर के चेहरे के हाव-भाव कई सवाल खड़े कर रहे थे। अंदरखाने अनुराग ठाकुर व उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के समर्थकों को उम्मीद रही है कि आने वाले चुनावों से प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन होगा और अनुराग ठाकुर की अगुवाई में चुनाव लड़े जायेंगे। इसके लिये प्रचारित किया जा रहा था कि जय राम ठाकुर प्रदेश में लोकप्रिय नहीं हैं। लेकिन जय राम ठाकुर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से अपनी नजदीकियां काम आ रही हैं।

पीएम मोदी ने की सीएम जय राम ठाकुर के काम की सराहना
कार्यक्रम भले ही सरकारी हो, लेकिन पीएम मोदी ने एक तरह से हिमाचल सरकार के कामकाज की सराहना कर भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। उन्होंने हिमाचल से अपने रिश्तों को जोड़ते हुये कहा कि देवभूमि हिमाचल उनकी कर्मभूमि भी रही है, क्योंकि वर्षों तक उन्होंने राज्य में कार्य किया है। वहीं, कोविड महामारी के दौरान प्रदेश में जय राम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार ने कोविड-19 टीकाकरण की पहली और दूसरी खुराक देने में प्रथम स्थान हासिल कर देश के अन्य राज्यों का पथ प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए हिमाचल सरकार के अच्छे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के बद्दी क्षेत्र ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों में हिमाचल के हर परिवार का महत्त्वपूर्ण योगदान है और भाजपा सरकार में चार दशकों के विलम्ब के बाद वन रैंक वन पेंशन को क्रियान्वित किया गया और पूर्व सैनिकों को एरियर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से हिमाचल के लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं।

मोदी मैजिक का लाभ लेने की हिमाचल में तैयारी
प्रदेश सूचना एवं जन संपर्क विभाग के पूर्व निदेशक ब्रहम देव शर्मा ने कहा कि एतिहासिक रिज मैदान से प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन बेहतरीन था। और सरकार ने भीड जुटाकर नया संदेश देने का प्रयास किया है। रैली में पीएम मोदी ने अपनी सरकार की तारीफ कर विरोधीयों की कमियों को उजागर किया। और साथ में हिमाचल के लोगों से अपने रिशते को जोडने की भी कोशिश की। इस बार विरोधियों पर भी शालीनता ने उन्होंने निशाना साधा। वहीं, शिमला में माल रोड पर रोड शो के समय पैदल चल कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों से मिल कर लोगों में अपने पन का संदेश दिया। मोदी लोगों के उत्साह को देखकर खुश नजर आये। माल रोड पर ही एक युवती ने मोदी की माता जी की पेंटिग उन्हें भेंट की। वह मानते हैं कि मोदी मैजिक अब भी बरकरार हैं। और लोग उन्हें आज भी प्यार करते हैं। यही भाजपा की पूंजी है। इसका लाभ चुनावों में लेने के लिये अभी से तैयारी शुरू हो गईं है।
पीएम मोदी के आने से जय राम ठाकुर हुए मजबूत: विश्लेषक
इस अवसर पर ,हिमाचल के सिरमौर की समा देवी से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम भी कभी सिरमौर आया करते थे। समा देवी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला। पहले कच्चा मकान था। कुछ पैसा दिहाड़ी करके कमाया था। सरकार ने डेढ़ लाख दिया। पीएम ने पूछा- समा खेती करते हैं। समा ने बताया कि लहसुन की फसल चली है, इसके अलावा बीन, मटर, मक्की और आलू की खेती भी करते हैं। राजनैतिक जानकार रविन्दर सूद मानते हैं कि पीएम मोदी के शिमला दौरे से सीएम जय राम ठाकुर मजबूत होकर उभरे हैं। जिस तरीके से उनकी पीठ पीएम मोदी ने थपथपाई हैं, उससे स्पष्ट हो गया है कि आने वाले चुनावों से पहले न तो प्रदेश में कोई बदलाव होगा। न ही जय राम ठाकुर के बिना चुनाव लडा जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा गुटबाजी को खत्म करने के लिये ही जय राम ठाकुर को आगे कर रही है। जय राम ठाकुर की मजबूती का मतलब उनके विराधियों का कमजोर होना है। लिहाजा, दूसरे नेताओं को अब इंतजार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications