BJP ने शुरू की सत्ता में लौटने की तैयारी, हिमाचल में कैबिनेट के चेहरों पर रायशुमारी
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर मंत्रिमंडल के आकार का अंतिम निर्णय केंद्र द्वारा ही किया जाएगा लेकिन बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्रिमंडल में लिए जाने वाले संभावित चेहरों पर भी विस्तार से मंथन हुआ है।
शिमला। हिमाचल में चुनाव नतीजे तो अभी 18 दिसंबर को ही आएंगे लेकिन भाजपा ने अपनी सरकार बनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। उधर चुनाव के एगजिट पोल से भी भाजपा खासे उत्साह में है। हिमाचल भाजपा के तमाम बड़े नेता बिलासपुर में जुटे, जिसमें नेताओं ने अपने-अपने चुनाव क्षेत्र का फीडबैक पार्टी नेतृत्व को दिया और पार्टी ने दावा किया कि अगली सरकार भाजपा की ही होगी। बिलासपुर में चुनावी मंथन में हिमाचल भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर मंत्रिमंडल के आकार का अंतिम निर्णय केंद्र द्वारा ही किया जाएगा लेकिन बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्रिमंडल में लिए जाने वाले संभावित चेहरों पर भी विस्तार से मंथन हुआ है और 18 दिसंबर को चुनाव नतीजे बीजेपी के पक्ष में अगर आते हैं तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इन चेहरों को मंजूरी के लिए केंद्र को भेजा जाएगा।

बीजेपी में सरकार बनाने को लेकर बैठकें शुरू
भाजपा के चुनावी मंथन के बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं को निकालने का हक मंडल के पास नहीं है। मंडल सिर्फ ऐसे नेताओं पर कार्रवाई की सिफारिश कर सकते हैं। जिसके बाद मामला अनुशासन समिति के पास जाएगा और आखिरी फैसला समिति ही करेगी। नेताओं को उम्मीद है कि जब एवीएम से रिजल्ट आऊट होगा तो बीजेपी का मिशन 50 प्लस जरूर पूरा होगा। भाजपा ने आचार संहिता के बीच सरकार की कारगुजारियों को लेकर प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला। भाजपा ने चुनाव आयोग से कोड ऑफ कंडक्ट के दौरान किए गए बैकडोर कार्यों पर कार्रवाई की मांग की है।

बीजेपी का पूरा होता दिख रहा है मिशन
इस बीच गुजरात में वोटिंग के बाद चैनलों के एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। इंडिया टुडे के एग्जिट पोल के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। इंडिया टुडे ने कुल 68 सीटों में से 47-55 सीटें बीजेपो को दी हैं, जबकि कांग्रेस को 13-20 सीटों दी गई हैं। वहीं अन्य के खाते में 0-2 सीटें दी गई हैं।

बीजेपी के लिए फायदेमंद रहा ये चुनाव!
वोट प्रतिशत के हिसाब से बीजेपी को 50 फीसदी वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 41 फीसदी और अन्य को 9 फीसदी वोट मिले हैं। 2012 के विधानसभा चुनावों में हिमाचल की 68 सीटों में से कांग्रेस ने 36 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी जबकि भाजपा को 26 सीटें हासिल हुई थीं। 6 सीटों पर निर्दलीय जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications