Hathras News: कौन है खुद को 'भोले बाबा' कहने वाले नारायण साकार? जिनके सत्संग में मची भगदड़, गई कई लोगों की जान
Hatharas News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में मंगलवार को एक सत्संग के समापन दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के मरने की सूचना है। हादसे के बाद चारों तरफ लोग रोते बिलखते नजर आए।
इस सत्संग का आयोजन नारायण साकार द्वारा कराया गया था। नारायण साकार का पूरा नाम नारायण साकार विश्व हरि भोले बाबा बताया जाता है। कुछ भक्त इन्हें साकार हरि तो कुछ लोग भोले बाबा कहते हैं।

कहा जा रहा है कि नारायण साकार विश्व हरि भोले बाबा के सत्संग में हाथरस और एटा ही नहीं आसपास के राज्यों से काफी संख्या में महिला और पुरुष शामिल होने के लिए आते रहे हैं। दावा यह भी किया जा रहा है कि बाबा के सत्संग में नियमों का पालन नहीं किया जाता।
ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि साल 2022 में भी इनके द्वारा फर्रुखाबाद में सत्संग का आयोजन किया गया था। सत्संग में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा दी गई थी लेकिन इस सत्संग में 50000 से अधिक लोग शामिल हुए थे।
इतनी संख्या में सत्संग में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों की भीड़ के चलते शहर में यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। सत्संग संपन्न हो जाने के बाद इस मामले को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आयोजिकों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
मूल रूप से एटा के रहने वाले हैं बाबा
नारायण साकार विश्व हरि भोले बाबा एटा जिले के पटियाली तहसील क्षेत्र के बहादुर नगरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बाबा द्वारा दावा किया जाता है कि भक्ति भावना में लीन होने से पहले वह गुप्तचर विभाग में नौकरी करते थे। बाद में उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ दी।
बाबा के भक्तों की तादाद केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और दिल्ली तक है। बाबा द्वारा जो सत्संग आयोजित किया जाता है उसे 'मानव मंगल मिलन सद्भावना समागम' का नाम दिया जाता है। यही समागम मंगलवार को हाथरस जनपद में आयोजित किया गया था।
इस समागम में शामिल होने के लिए हाथरस एटा के साथ ही आसपास के जनपदों और दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान आदि राज्यों से काफी संख्या में लोग शामिल होने के लिए पहुंचे थे। सत्संग का समापन होने के बाद लोग वापस लौट रहे थे इसी दौरान सत्संग में भगदड़ मच गई।












Click it and Unblock the Notifications