हाथरस केस: 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी पकड़ से दूर
हाथरस। यूपी के हाथरस में किसान अमरीश शर्मा की हत्या में फरार चल रहे दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम रखा था। 4 आरोपियों में पुलिस की गिरफ्त में आए इन दो आरोपियों की पहचान रोहिताश शर्मा और निखिल शर्मा के रूप में हुई है। एक आरोपी ललित शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, एक लाख रुपए का इनामी मुख्य आरोपी गौरव शर्मा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। गौरव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Recommended Video
क्या है पूरा मामला?
हाथरस के नोजरपुर गांव के रहने वाले अमरीश शर्मा खेत में आलू की खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर 4-5 लोग वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अमरीश शर्मा की मौके पर पही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी और पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए थे। बताया गया कि अमरीश शर्मा ने 2018 में अपनी बेटी से छेड़छाड़ को लेकर गौरव शर्मा के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। मामले में गौरव जेल भी गया था, लेकिन हाल ही में वो जेल से जमानत पर बाहर आ गया था। गौरव शर्मा अमरीश के परिवार से रंजिश रखने लगा था और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। अब उसने अमरीश की गोली मारकर हत्या कर दी।
गौरव शर्मा पर एक लाख का इनाम, पकड़ने के लिए पुलिस दे रही दबिश
इस मामले में मृतक की बेटी ने चार लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर नामजद आरोपी ललित शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को एडीजी जोन आगरा ने अन्य फरार चल रहे तीन आरोपियों में मुख्य आरोपी गौरव पर 1 लाख रुपए, जबकि बाकी के दो पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। हाथरस पुलिस को बुधवार की शाम 25 -25 हजार के दो इनामी अपराधी रोहिताश और निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी गौरव शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications