Haryana News: हरियाणा विधानसभा चुनाव का मुद्दा बनी विनेश फोगाट, जानिए प्रदेश के सियासी समीकरण
Haryana News: पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को वजन की वजह से अयोग्य करार दिए जाने के बाद देश में सियासत तेज हो गई है। खासकर विनेश फोगाट के मामले को लेकर हरियाणा का माहौल गरमा गया है। प्रदेश में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने है। पेरिस ओलंपिक के घटनाक्रम को विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पहलवान विनेश फोगाट के मामले ने हरियाणा में कांग्रेस को बीजेपी के खिलाफ बैठे बिठाए बड़ा मुद्दा दे दिया है। अब कांग्रेस इस मामले को लेकर भाजपा को जमकर घेर रही है। राज्य के नेताओं की ओर से जमकर बयानबाजी हो रही है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि इस मामले का पूरा असर विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

हरियाणा में तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव
हरियाणा में अभी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है। प्रदेश में 3 महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे देखें तो हरियाणा में भाजपा की स्थिति उतनी मजबूत नहीं है। ऐसे में विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। हरियाणा में सबसे ज्यादा ओबीसी वर्ग की नाराजगी देखी जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में एंटी इंकम्बेंसी का माहौल भी है। लोगों में सरकार से नाराजगी देखी जा रही है। इसी दौरान पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिए जाने का मामला सामने आ गया। अब कांग्रेस को बैठे बिठाए बड़ा चुनावी मुद्दा हाथ लग गया है।
विनेश फोगाट को लेकर आक्रामक कांग्रेस
विनेश फोगाट के मामले को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर आक्रामक नजर आ रही है। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार को विष को स्वर्ण पदक के विजेता के बराबर सम्मानित करना चाहिए और उन्हें उसी के अनुसार पुरस्कृत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उनके पास पर्याप्त संख्या होती तो वह कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में फोगाट को राज्यसभा के लिए चुनाव में उतारते।
आपको बता दें कि विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। कांग्रेस इस मसले को विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ इस्तेमाल करना चाहती है।
विनेश के स्वागत की तैयारी में भाजपा
वहीं भाजपा ने विनेश फोगाट के स्वागत की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विनेश फोगाट को लेकर कहा कि हम विनेश को सिल्वर मेडल के अनुसार सुविधाएं देंगे। सीएम सैनी ने कहा कि उनके लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि विनेश भले ही फाइनल मुकाबला नहीं लड़ पाई हो। लेकिन वह सभी के लिए एक चैंपियन है। सरकार उन्हें वह सभी पुरस्कार और सुविधा देगी। जो कांस्य पदक विजेता को दी जाती है।
सीएम सैनी ने आगे कहा कि वह पूरे देश की बहादुर बेटी है विनेश फोगाट हमारी बेटी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हुड्डा राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कुछ नहीं किया। केवल बोलते हैं। वह केवल झूठ बोलते हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार लगातार किसानों के लिए काम कर रही है। खेल को लेकर हम हरियाणा में सुविधा दे रहे हैं। वह उन्हें दिखाई नहीं देती है।
वहीं पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि जो 6 करोड़ विनेश को मिलने वाले थे। वह हुड्डा दे। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भीड़ तंत्र की पैदाइश के कुछ नेता भारत में भी बांग्लादेश जैसी घटना होने की बात कर रहे हैं। यह वह लोग हैं। जिनका लोकतंत्र में बिल्कुल भी विश्वास नहीं है। यह भारत के लोकतंत्र पर लगे हुए कीटाणु है। जो लोकतंत्र की जड़ों को चाट-चाट कर कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। परंतु वह जानते नहीं कि भारत विश्व का सबसे मजबूत लोकतंत्र है। इसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
चुनाव में महिला सुरक्षा और खेल के मुद्दे रहेंगे हावी
हरियाणा की सियासत में महिला सुरक्षा और खेल बड़ा मुद्दा है। साल 2019 में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह के अलावा अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट को चुनाव मैदान में उतारा था। योगेश्वर दत्त साल 2019 में बड़ौदा विधानसभा सीट और फिर नवंबर 2020 में निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव हार गए थे। बबीता फोगाट भी चरखी-दादरी से बीजेपी के बागी सोमबीर से हार गई थी। सोमबीर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। ऐसे में माना जा सकता है कि हरियाणा की राजनीति में खेल और महिला सुरक्षा का मुद्दा हावी रहेगा। विनेश के मामले में राजनीतिक दलों का समर्थन इस बात का पूरा संकेत दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications