Panchkula News: होटल में चल रही थी बर्थडे पार्टी, ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 की हत्या, पुलिस को गैंगवार का शक
Panchkula Firing: हरियाणा के पंचकूला में सोमवार तड़के हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो युवकों और एक युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस को हत्या को लेकर गैंगवार का शक है। मृतक युवकों और युवती की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। सभी तीन लोग पिंजौर स्थित एक होटल में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए थे। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि और अधिक जानकारी मिल सके।
15-16 राउंड चली गोलियां, स्कॉर्पियो कार पर हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार को सुबह करीब 3 बजे होटल के पार्किंग एरिया में हुई। मृतक युवक विक्की और उसका भांजा विनीत, दिल्ली के रहने वाले थे, जबकि युवती निया हिसार कैंट की रहने वाली थी। तीनों एक नई स्कॉर्पियो में होटल पहुंचे थे, जहां होटल में बर्थडे पार्टी चल रही थी।

इसी दौरान हमलावर सफेद इटियोस कार में सवार होकर होटल पहुंचे और पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 15-16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें विक्की, विनीत और निया की मौत हो गई। विक्की को तो 7-8 गोलियां लगीं।
पार्टी में शामिल रहे दोस्त मोहित ने बताया कि हमलावर सफेद इटियोस कार में तीन लोग आए थे। जैसे ही उन्होंने कार पार्क की, उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। मोहित के मुताबिक, वह पार्टी में शामिल थे और गोलियों की आवाज सुनकर बाहर आ गए। उन्हें यह नहीं पता कि हमलावर कौन थे, लेकिन विक्की को कई गोलियां लगी थीं। मोहित ने बताया कि विक्की और विनीत दिल्ली के रहने वाले थे, जबकि निया हिसार की रहने वाली थी।
मृतक विक्की पर दर्ज थे आपराधिक मामले, पुलिस को गैंगवार का शक
पुलिस का कहना है कि यह घटना गैंगवार का हिस्सा हो सकती है, क्योंकि मृतक विक्की पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह पंचकूला के सेक्टर 20 में चल रहे एक केस में आरोपी था। ऐसे में पुलिस ने इस घटना को गैंगवार से जोड़कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हमलावरों का मुख्य टारगेट विक्की था, जिसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इस आधार पर पुलिस ने इसे गैंगवार का नतीजा मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद होटल स्टाफ हुआ फरार
वारदात के बाद होटल के मैनेजर मनील मोंगिया और स्टाफ फरार हो गए। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही होटल स्टाफ और मैनेजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना की सभी एंगल से जांच कर रही है और मृतकों के दोस्तों और पार्टी में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी मुकेश मल्होत्रा, डीसीपी मनप्रीत सूदन, डीएसपी कालका और चौकी इंचार्ज अमरावती ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शवों को पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है और आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल में पुलिस तैनात की गई है।
यह भी पढ़ें CG में पुलिस भर्ती घोटाला: आरक्षक ने की आत्महत्या,पूर्व CM भूपेश बघेल बोले- CBI जांच होनी चाहिए












Click it and Unblock the Notifications