सुप्रीम कोर्ट का किसानों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई से इनकार, सोनीपत-दिल्ली बॉर्डर खुलवाने का मामला
सोनीपत। कृषि कानूनों के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के प्रदर्शनकारियों द्वारा हरियाणा-दिल्ली के सिंघु-बॉर्डर को अवरुद्ध किए जाने से स्थानीय निवासियों को दिक्कत हो रही है। बॉर्डर क्षेत्र में रास्ते बाधित होने पर कठिनाइयों का सामना कर रहे सोनीपत (हरियाणा) के निवासियों द्वारा सुप्रीम कोर्ट के समक्ष याचिका दायर की गई। हालांकि, आज सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए कहा।

बता दें कि, याचिका में सोनीपत के निवासियों ने सिंघु बॉर्डर इलाके को प्रदर्शनकारियों द्वारा अवरुद्ध किए जाने पर चिंता जताई है और प्रदर्शनकारियों को उस जगह से हटाने की मांग की है। याचिका दायर करने वाले लोगों का कहना है कि, प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा रास्ते अवरुद्ध किए जाने के कारण स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए, प्रदर्शनकारी इस इलाके में बंद न लगाएं।

टिकैत बोले- किसान जहां जमे हैं, वहीं रहेंगे
इधर, किसान प्रदर्शनकारियों के पीछे हटने के सवाल पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि, किसान जहां जमे बैठे हैं, वहां से हटेंगे नहीं। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता ने गाज़ियाबाद में जोर देकर कहा कि, ''जब तक 3 कृषि कानूनों की वापसी नहीं होगी, तब तक किसान ना ही धरना स्थल छोड़ेंगे और ना ही आंदोलन छोड़ेंगे।'
टिकैत ने केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्यान के बयान 'अगर किसान राजनीति में आना चाहते हैं तो वो उनका स्वागत करेंगे' पर कहा कि, हमें राजनीति में नहीं आना है। वो हमारे मुद्दों का हल निकालें और हमारी बात सरकार से करवा दें।

"हरियाणा-लाठीचार्ज अन्नदाता का अपमान"
किसान नेता निर्मल सिंह ने हाल ही हरियाणा में किसानों पर हुए पुलिस के लाठीचार्ज पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि, 'जिन्हें जनता ने सुरक्षा का अधिकार दिया, वही किसानों का सिर फोड़ रहे हैं। हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि, मुजफ्फऱनगर महापंचायत में 18 से 20 लाख लोग जो जुटे...वे भाजपाई सत्ता के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। किसानों की मांगों को लेकर राकेश टिकैत भी शुरू से इस संघर्ष में अहम भूमिका निभाते आए हैं। अब जब तक कामयाबी हासिल नहीं हो जाएगी, तब तक हम पूरी तरह उन्हें सहयोग देते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications