स्पेशल टास्क फोर्स का हरियाणा में बड़ा ऐक्शन, साढ़े 8 किलो अफीम जब्त, पंजाब-झारखंड के 5 तस्कर धरे
कुरुक्षेत्र। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अफीम तस्करी को लेकर बडी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसटीएफ ने कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों से साढ़े 8 किलो अफीम जब्त कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पांच लोग दबोचे हैं।
हरियाणा पुलिस की ओर से बताया गया कि, उक्त आरोपितों की पहचान झारखंड निवासी अजय राम, पंजाब के रहने वाले हरबंस सिंह और रामजीत सिंह के रूप में हुई। वहीं, अन्य दो की पहचान झारखंड निवासी इरशाद और मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पहले मामले में एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के बाद 3 आरोपियों को कैथल में चीका के नजदीक के काबू कर उनके पास से 3 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद की। उनके पास से एक कार भी बरामद हुई।

दूसरे मामले के बारे में पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में अफीम हो सकती है। इसके आधार पर पुलिस ने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद के पास से वाहन को रोककर तलाशी ली तो 2 आरोपियों से 5 किलो अफीम बरामद हुई।
शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों आरोपी झारखंड से अफीम खरीद कर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, पकडे गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की तफ्तीश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications