सरकार का रिमोट कंट्रोल अरविंद केजरीवाल के हाथ में... हरियाणा में संजय सिंह का बड़ा दावा
Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही AAP नेता लागातार जनसभाएं कर रहे हैं। इस क्रम में आज राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यमुनानगर में रैली को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के अंदर सरकार बनेगी तो आम आदमी पार्टी के समर्थन से बनेगी। सरकार की चाभी अरविंद केजरीवाल के हाथ में होगी।
संजय सिंह ने लोगों से कहा, मैं अपली करने आया हूं कि इसबार देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति के नाम पर वोट देना, जाति के नाम पर नहीं। आम आदमी पार्टी के देशभक्ति का मतलब हरियाणा के एक-एक बच्चे के लिए अच्छे सरकारी स्कूल बनवाना और ये संकल्प केजरीवाल पूरा करेंगे। हमारे लिए राष्ट्रभक्ति सरकारी अस्पताल बनाना और उसमें लोगों का मुफ्त इलाज करना है।

उन्होंने दिल्ली का जिक्र करते हुए कहा कि जब केजरीवाल दिल्ली के सरकारी स्कूल देखने जाते थे, तो वहां लड़कियों के लिए शौचालय नहीं थे, बच्चे नीचे बैठ कर पढ़ाई करते थे उनके लिए केजरीवाल ने AC कमरे बनवाए हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में एथलीट के ग्राउंड बनवाए, Hockey के ग्राउंड बनवाए, World Class शिक्षा का सिस्टम दिया। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी आईं, मोदी जी ने कहा गुजरात के स्कूल देख लो लेकिन उसने कहा नहीं देखना। तो ट्रंप की पत्नी ने कहा केजरीवाल और सिसोदिया का स्कूल देखना है। पहले लोग कहते थे अमेरिका से सीखो, आज अमेरिका कहता है केजरीवाल से सीखो।
पंजाब में हो रहा है बड़ा बदलाव
पंजाब के सरकारी स्कूलों का उल्लेख करते हुए संजय सिंह ने कहा, पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस यहां बैठे हैं, इनको लेकर जाना और देखना कि पंजाब के अंदर सरकारी स्कूल कैसा बना है।
प्रत्याशी को धमकाने का लगाया आरोप
अपने प्रत्याशी को धमकाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, जगाधरी में हमारे प्रत्याशी को डराया-धमकाया जा रहा है। उनकी गाड़ी के ऊपर हमला किया गया है। आज मैं कहना चाहता हूं कि हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं, हम किसी से डरते नहीं हैं। आज का जनसैलाब देखकर मैं कहना चाहता हूं कि जगाधरी विधानसभा से आम आदमी पार्टी की जीत तय है और आदर्श पाल विधायक बनकर जगाधरी का विकास कराएंगे।
सरकार का रिमोट कंट्रोल अरविंद केजरीवाल के हाथ में होगा
चुनाव के परिणाम को लेकर आप सांसद ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, हरियाणा में इस बार सरकार का रिमोट कंट्रोल आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी के हाथ में होगा। हमारे बिना हरियाणा में सरकार नहीं बनेगी। अरविंद केजरीवाल के रिमोट कंट्रोल से 24 घंटे मुफ्त बिजली, बच्चों के लिए सरकारी स्कूल, अच्छे सरकारी अस्पताल, महिलाओं को हर महीने से 1000 रुपए और युवाओं को रोजगार मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications