पानीपत से सिरसा के लिए चला ऑक्सीजन टैंकर हो गया गायब, ढूंढने जुटी पुलिस
पानीपत। हरियाणा में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन ले जा रहा एक टैंकर गायब हो गया। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। पानीपत के मतलौदा थाने के प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि, टैंकर पानीपत से सिरसा के लिए चला था। मगर वह वहां पहुंचा नहीं। जिला औषध नियंत्रक की शिकायत पर इसे लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने कहा, "हम टैंकर के मामले की जांच कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि टैंकर बुधवार को पानीपत संयंत्र से तरल ऑक्सीजन भरवाने के बाद सिरसा के लिये रवाना हुआ था, लेकिन वहां तक नहीं पहुंचा। उसके चालक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले एक अन्य घटना में हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने चौंकाने वाला बयान दिया था।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा था, "अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों के लिये ऑक्सीजन लेकर पानीपत से फरीदाबाद जा रहे एक टैंकर दिल्ली सरकार द्वारा लूट लिया गया है।" उन्होंने आरोप लगाया कि, यह घटना तब हुई जब टैंकर दिल्ली की सीमा से होकर गुजर रहा था। विज ने यह भी कहा कि, टैंकरों के साथ अब पुलिस भेजी जाएगी। यूं कि, इन दिनों कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के कारण चिकित्सीय ऑक्सीजन की मांग तेजी से बढी है।
विज ने रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, सरकार ने इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए यह निर्णय लिया है कि, हरियाणा में अब रेमडेसिविर बिना आधार कार्ड के नहीं मिलेगी। ड्रग विभाग के अफसरों को इस बाबत स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आदेश भी दे दिए हैं। रेमडेसिविर के अंबाला गोदाम पर ड्रग कंट्रोल विभाग के अफसरों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि, कोविड के समय प्रदेश भर में केमिस्ट को जाने वाली रेमडेसिविर व अन्य दवाओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications