'हरियाणा में चल रहा है ऑपरेशन रिवर्स लोटस..' 2024 से पहले दीपेंद्र हुड्डा का बड़ा दावा-Video
Haryana Politics: कांग्रेस ने दावा किया है कि हरियाणा में बड़ी तादाद में भाजपा छोड़कर लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि कहीं ऑपरेशन लोटस चल रहा है, लेकिन हरियाणा में तो उल्टा हो रहा है, जहां ऑपरेशन रिवर्स लोटस चल रहा है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि पिछले चंद महीनों में राज्य में भाजपा के 29 पूर्व एमएलए और मंत्री कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि बुधवार को भी बीजेपी के 3 पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

हरियाणा में ऑपरेशन रिवर्स लोटस -दीपेंद्र हुड्डा
कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि हरियाणा में ऑपरेशन रिवर्स लोटस चल रहा है। पार्टी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है, 'हरियाणा में लगातार ज्वाइनिंग हो रही है....कहीं ऑपरेशन लोटस चल रहा है तो हरियाणा में ऑपरेशन रिवर्स लोटस चल रहा है.....लोटस उल्टा टांग दिया लोगों ने....'
29 पूर्व विधायक मंत्री कांग्रेस में शामिल- दीपेंद्र हुड्डा
उन्होंने कहा कि 'यहां पिछले चंद महीनों में 29 पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए, जो कि हरियाणा विधानसभा की स्ट्रेंथ से एक/तिहाई है.....' उन्होंने कहा है 'यह एक प्रतीक है कि हरियाणा बदलाव की तरफ बढ़ रहा है।'
दरअसल, महाराष्ट्र में जिस तरह से शरद पवार की एनसीपी उनके अपने ही भतीजे अजित पवार ने तोड़ दी है। उसके बाद विपक्ष फिर से इसके लिए बीजेपी को निशाने पर ले रहा है। अजित पवार वहां उपमुख्यमंत्री बन गए हैं और पार्टी के नाम पर निशान पर भी दावा ठोक दिया है। इसी से जुड़े सवाल पर कांग्रेस नेता ने यह बयान दिया है।
'ऑपरेशन लोटस' क्या है?
भारतीय राजनीति में ऑपरेशन लोटस शब्द का प्रचलन कुछ साल पहले कर्नाटक में सामने आया था। वहां जब कांग्रेस और जेडीएस के विधायक पार्टी से इस्तीफा देने लगे थे और फिर बीजेपी में शामिल हुए तो दावा किया गया कि यह सब उसी का हथकंडा है। आरोप लगे किए उन्हें प्रलोभन देकर अपनी पार्टी छोड़ने को मजबूर किया गया, जिससे कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार संकट में आ गई।
भाजपा-विरोधी दलों ने इसे ही ऑपरेशन लोटस कहना शुरू किया। अब जहां भी विपक्ष के सांसद-विधायक टूटते हैं और अगर वह बीजेपी की ओर रुख करते हैं तो इसके पीछे ऑपरेशन लोटस का ही रोल होने का दावा किया जाता है।
दरअसल, हरियाणा में पिछले करीब 9 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से बेदखल है। वहां लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही साथ होने हैं। 2014 से कांग्रेस वहां लाख कोशिशों के बावजूद सत्ता में वापसी नहीं कर पा रही है। अगले साल वहां लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं और इसलिए विपक्षी कांग्रेस बीजेपी के नेताओं को पार्टी में शामिल करके उत्साहित नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications