निकिता मर्डर केस: तौसीफ को देसी पिस्टल उपलब्ध कराने वाला अजरू गिरफ्तार, नूंह जिले से पकड़ा
फरीदाबाद। निकिता हत्याकांड मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी तौसीफ को वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल उपलब्ध कराने वाले अपराधी अजरू को छापेमारी के बाद नूंह जिले से गिरफ्तार किया है। अजरू की गिरफ्तारी की जानकारी फरीदाबाद पुलिस ने ट्वीट करके साझा की है। तो वहीं, कोर्ट ने आज (29 अक्टूबर) को आरोपी तौसीफ और अजरू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Recommended Video


फरीदाबाद पुलिस ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा है कि '14 घंटे लगातार चले ऑपरेशन में पुलिस दोनों अपराधियों को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया था। पुलिस ने इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, हथियार बरामद कर लिया है। सबूतों को जोड़ मजबूत केस बनाने की कवायद जारी है। काबिल और अनुभवी इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर इस काम पर लगे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार से हमें गहरी सहानुभूति है। जल्द ही जुर्म साबित होगा, सजा होगी। विश्वास और धैर्य रखें।'
SIT जांच शुरू, पिता और भाई से भी होगा पूछताछ
वहीं, इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम बुधवार सुबह निकिता के घर पहुंची और यहां पर उसने पिता और भाई को इस बाबत जानकारी दी कि जांच शुरू हो गई है। एसआईटी टीम ने खुलासा किया है कि मुख्य आरोपी तौसीफ ने निकिता तोमर को मारने के लिए एक देसी पिस्तौल (देसी कट्टा) का इस्तेमाल किया था और पुलिस ने हथियार को बरामद कर लिया है। अपराध में इस्तेमाल की गई आई-20 कर दिल्ली के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने कार के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है।
परिजनों की मांग पर इस पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपा
पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने बताया कि इस मामले में एसआईटी टीम भी गठित की गई है। क्राइम एसीपी अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित यह टीम पूरे मामले की जांच करेगी। हालांकि, परिजनों की मांग पर इस पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह के अनुसार इस मामले में पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं, जिसके आधार पर अदालत में अच्छी पैरवी कर आरोपितों को दोषी साबित करवा कर कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
हत्या के मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी सहित दो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को दिनदहाड़े कार सवार दो बदमाशों ने मिल्क प्लांट रोड पर अग्रवाल कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रही बी.कॉम फाइनल ईयर की छात्रा निकिता तोमर (20 वर्षीय) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लहूलुहान हालत में छात्रा को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications