IPS Narendra Bijarniya: कौन हैं नूंह के नए एसपी, जिनकी गैंगस्टर आनंदपाल के एनकाउंटर में थी अहम भूमिका
हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा को लेकर सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसके तहत सबसे पहले वहां के पुलिस अधीक्षक (SP) वरुण सिंघला का ट्रांसफर किया गया। उनको भिवानी भेजा गया है, जबकि उनकी जगह पर तेजतर्रार आईपीएस नरेंद्र बिजारणिया को नूंह की जिम्मेदारी दी गई।
दरअसल सिंघला हिंसा वाले दिन छुट्टी पर थे। इसके अलावा जिले के हालात बिगड़ने की वजह से उन पर गाज गिरी है। वहीं उनकी जगह आए बिजारणिया की गिनती तेजतर्रार अफसरों में होती है। वो पहले भी नूंह की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, ऐसे में इस मुश्किल हालात में सरकार ने उन पर भरोसा जताया।

राजस्थान से है ताल्लुक
बिजारणिया मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता खेती करते हैं। पहले उन्होंने सेंट्रल एक्साइज एंड कस्टम डिपार्टमेंट में काम किया। फिर 2015 में UPSC की सिविल सेवा परीक्षा पास कर वो आईपीएस बने।
आनंदपाल के एनकाउंटर वाली टीम का रहे हिस्सा
आईपीएस बिजारणिया को हरियाणा कैडर मिला। उन्हें 2017 में हरियाणा के सिरसा में ट्रेनिंग पर भेजा गया था। उस दौरान वो डिंग थाने में तैनात थे। तभी उनको खबर मिली कि आनंदपाल का भाई अपने साथियों के साथ छिपा है। उन्होंने तुरंत एसएसपी को इसकी जानकारी दी।
मामला इतना संवेदनशील था कि कुछ ही देर में उच्चाधिकारियों ने एक टीम का गठन किया। जिसमें बिजारणिया भी शामिल थे। इस ऑपरेशन में आनंदपाल के भाई विक्की और देवेंद्र की गिरफ्तारी हुई। उनसे ही पूछताछ करने पर पता चला कि आनंदपाल चूरू जिले के मालासर में छिपा है।
इस जानकारी के आधार पर राजस्थान पुलिस ने संदिग्ध लोकेशन की घेराबंदी की। उनके साथ बिजारणिया भी मौजूद थे। उसी ऑपरेशन में आनंदपाल मारा गया। हालांकि बाद में बिजारणिया समेत पूरी टीम से सीबीआई ने पूछताछ की थी।
लगातार जारी है छापेमारी
वहीं ट्रांसफर ऑर्डर मिलते ही नरेंद्र बिजारणिया ने नूंह की जिम्मेदारी संभाल ली। साथ ही हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही। नूंह और गुरुग्राम में अब तक 83 FIR हुई है, जिसके तहत 159 लोग पकड़े गए।












Click it and Unblock the Notifications