Haryana News: हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम में दीपेंद्र हुड्डा पहुंचे जुलाना, भाजपा सरकार को बताया घोषणावीर
Haryana News: हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि भाजपा को अपने 10 साल के कामों के आधार पर लोगों के बीच जाना चाहिए ना कि 10 सप्ताह की घोषणा के आधार पर वोट मांगने का काम करना चाहिए। सांसद हुड्डा गुरूवार को जींद जिले के जुलाना कस्बे में हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर सोनीपत लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, सफीदों से विधायक सुभाष गांगोली भी मौजूद थे।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार को घोषणा वीर सरकार बताते हुए कहा कि यह सरकार काम तो चवन्नी करती है और घोषणा 10 रुपए करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्वे करवाने के बाद उस व्यक्ति को टिकट देगी। जो इलाके में सबसे मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि टिकट के सभी दावेदारों को निराश होने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार बन रही है। सरकार बनने पर सभी नेताओं का बराबर का मान सम्मान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक कांग्रेस अपने चुनाव घोषणा पत्र उम्मीदवारों के सर्वे आदि का काम पूरा कर लेगी। उसके बाद इसे अंतिम रूप देने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
हरियाणा मांगे हिसाब को मिल रही सफलता का जिक्र करते हुए जूनियर हुड्डा ने कहा की यह कार्यक्रम एक सभा के रूप में शुरू हुआ था। जो चार दिन में जन आंदोलन बन गया है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस विधायक दान सिंह के आवास पर ईडी के छापे को पूरी तरह से गलत बताते हुए कहा कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने में लगी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस प्रकार की कार्रवाई और भी बहुत से लोगों पर हो सकती है।
इससे पहले जुलाना अनाज मंडी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इतनी उम्र और गर्मी में पदयात्रा किसी अग्नि परीक्षा से काम नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 साल में खट्टर सरकार, खट्टर दुष्यंत सरकार और खट्टर नायब सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले विकास और खुशहाली, भाईचारे, अमन चैन में नंबर एक था। लेकिन इन 10 सालों में हरियाणा बेरोजगारी, अपराध और नशे में नंबर एक हो गया है। नशे के मामले में हरियाणा में आज पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी और पोर्टल के नाम पर हरियाणा के लोगों को सरकार ने उलझा कर रख दिया है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि गरीब आदमी को लाइन में लगा दिया है। उन्होंने कौशल रोजगार निगम को एक बड़ी बीमारी बताते हुए कहा कि इस बीमारी से ओबीसी और एससी समाज का हिस्सा छीनने का काम हुआ है। 5000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए और 500 स्कूलों में नर्सरी और केजी से लेकर दूसरी तीसरी तक के बच्चों को धरना देना पड़ा। जूनियर हुड्डा ने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान भ्रष्टाचार हुआ है। इस बात का प्रमाण यह है कि दुष्यंत चौटाला सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलने का दम भरते हैं तो दूसरी ओर सरकार दुष्यंत चौटाला के भ्रष्टाचार की जांच करवाने की बात करती है।
उन्होंने कहा कि 10 साल में एक भी वर्ग ऐसा नहीं है। जो सड़क पर नहीं उतरा हो और उसे लाठी नहीं मिली हो। हरियाणा में 2 लाख सरकारी नौकरियां समाप्त कर दी गई है। जबकि केंद्र सरकार ने 30 लाख सरकारी नौकरियों को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि 10 साल में भाजपा सरकार ने केवल 10 हजार युवाओं को स्थाई नौकरी देने का काम किया है। जबकि बाकी पोस्टों को सीईटी और पेपर घोटाले में उलझा कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि जो 10 हजार नौकरियां लगी है। उसमें भी हरियाणा से बाहर के लोग ज्यादा है।
सांसद हुड्डा ने कहा कि हरियाणा का जवान सीमा पर जाकर देश की फौज में भारतीय झंडे को उठाने का सपना अपने दिल में रखता था। लेकिन आज वह डंकी के रास्ते सीमा पार करके अपना घर-बार बेचकर विदेश में मजदूरी करने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह अधिकार है कि वह भाजपा सरकार से 10 साल का हिसाब मांगे और यह अधिकार पूरे प्रदेश की जनता को भी है। वर्तमान सरकार ने आरक्षण को खत्म करने के लिए और मेरिट को खत्म करने के लिए कौशल रोजगार निगम बनाने का काम किया है। भाजपा से लोग हिसाब मांग रहे हैं और भाजपा हिसाब देने के बजाए नई घोषणा कर रही है। जबकि भाजपा ने 2014 और 2019 में जो घोषणा की थी। वह भी पूरी नहीं की है। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को हाफ कर दिया और विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को साफ कर देगी।
हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को लपेटे में लिया। वहीं स्थानीय विधायक अमरजीत ढांडा को भी लपेटे में लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि विधायक को भी यह हिसाब देना चाहिए कि उन्होंने वोट बीजेपी को जमुना पार करने के नाम पर लिए थे। फिर 5 साल उनके साथ सरकार में क्यों बन रहे। जुलाना में विकास के नाम पर एक ईंट भी नहीं लगी है। जुलाना को अपना जुलाना बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन योजनाओं से जुलाना के लोग चुनाव के समय कुछ अलग कर रहे हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार से जुलाना के लोगों ने कांग्रेस का दिल ठोक कर साथ दिया है। विधानसभा चुनाव में भी वह कांग्रेस का साथ देंगे।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा पुरानी अनाज मंडी से पुराने बस स्टैंड तक बाजार से होते हुए पैदल चले और क्षेत्र के लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के एक दर्जन से ज्यादा दावेदार उनके साथ मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications