अरविंद शर्मा के समर्थन में रेवाड़ी पहुंचे CM मोहन यादव, भूपेंद्र हुड्डा-दीपेंद्र हुड्डा के लिए कही ये बात
Lok Sabha Election 2024: रोहतक लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी डॉ.अरविंद शर्मा के समर्थन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव हरियाणा के रेवाड़ी पहुंचे। यहां सीएम यादव ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा को आड़े हाथों लिया। सीएम ने कहा कि पिता-पुत्र की जोड़ी लोगों को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं, इनके बहकावे में न आए।
रेवाड़ी के बेरली कलां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि वीरों एवं शहीदों की इस धरती पर पहुंचकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस क्षेत्र का इतिहास देख रहे थे तो पता चला कि इस इलाके के प्रत्येक घर से कोई न कोई वीर सैनिक देशसेवा में तत्पर है।

यहां का जवान भारत माता की सेवा करने के लिए सीने पर गोली खाने के लिए देश की सीमाओं पर सीना ताने खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा देश प्रभू राम व भगवान कृष्ण की धरती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इनके अस्तित्व पर ही सवालिया निशान लगा रही है। जो राम का नहीं, वह किसी भी काम का नहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण से साधारण कार्यकर्ता भी सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री एवं मंत्री बन सकता है। वहीं, इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी केवल एक परिवार तक ही सिमटकर रह गई है। जो एक परिवार कहता है, कांग्रेस में वही होता है। उन्होंने कहा कि पिता-पुत्र की जोड़ी क्षेत्र के लोगों को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके बहकावों में नहीं आने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications