मनोहर लाल सरकार ने बढ़ाई मेयरों की वित्तीय शक्तियां, अब करा सकेंगे 10 करोड़ तक के काम
Haryana News: हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने मेयरों की वित्तीय शक्तियां बढ़ा दी हैं। खट्टर सरकार ने निकायों में होने वाले कामों के लिए वित्तीय शक्तियां बढ़ाई है। वित्तीय शक्तियां बढ़ने के बाद मेयर अब 10 करोड़ रुपए तक के कामों को खुद स्वीकृति प्रदान करे सकेंगे। बता दें कि इससे पहले उनके पास केवाल ढाई करोड़ तक के कामों को मंजूरी देने का अधिकार था।
अगर निकायों में ढाई करोड़ रुपए से ऊपर के काम करने होते थे तो कामों की मंजूरी के लिए फाइलों को मुख्यालय भेजा जाता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बात की घोषणा सीएम खट्टर ने हरियाणा निवास में आयोजित नगर निगमों के मेयरों व सीनियर डिप्टी मेयर की बैठक में की।

बता दें कि सीएम खट्टर ने मेयरों के वित्तीय शक्तियां बढ़ाने के साथ-साथ ही उनके प्रशासनिक अधिकार भी बढ़ा दिए। अब वे नियमों की अवहेलना करने पर कर्मचारियों को निलंबित भी कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक, ग्रुप सी और ग्रुप डी के कर्मचारी के साथ-साथ इनमें जूनियर इंजीनियर (जेई) भी शामिल हैं।
दरअसल, चेयरमैनों की शिकायत थी कि नीचे के स्टाफ काम में लापरवाही बरतते हैं। इसकी वजह से आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बैठक में बोलते हुए सीएम खट्टर ने मेयरों से कहा कि वे नगर निगम आयुक्तों के साथ सामंजस्य बनाएं, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।
कहा कि शहरों में प्रॉपर्टी आईडी बनाना एक जटिल प्रक्रिया थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। इसके लिए एक एसओपी तैयार की जा रही है, जिसकी एक प्रति आपको भी भेजी जाएगी। दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग को भी सीएम ने मंजूर कर दिया।
जनवरी तक सभी कार्यों को किया जाए पूरा
खबर के मुताबिक, पांच नगर निगम का कार्यकाल अगले साल जनवरी में खत्म होना है, जबकि तीन का पहले ही खत्म हो चुका है। मुख्यमंत्री ने सभी मेयरों व सीनियर डिप्टी मेयरों से कहा कि वह जनवरी तक अपने सभी कार्यों को पूरा करें। जिन कामों के लिए जितना बजट चाहिए, उसके बारे में तत्काल बताएं।












Click it and Unblock the Notifications