Sonali Phogat Case: खाप महापंचायत में CBI जांच की मांग, सीएम खट्टर ने कही ये बात
नई दिल्ली, 11 सितंबर: गोवा और हरियाणा की पुलिस सोनाली फोगाट केस की जांच मिलकर कर रही है। इस केस के मास्टरमाइंड और सोनाली के पीए सुधीर सांगवान को गिरफ्तार भी कर लिया गया, लेकिन अभी तक कई सवालों के जवाब पुलिस को नहीं मिल पाए हैं। जिस वजह से सोनाली के परिजन सीबीआई जांच की मांग कर रहे। इस मामले को लेकर रविवार को हरियाणा के हिसार में खाप महापंचायत की बैठक हुई। जिसमें इस केस को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बैठक में शामिल लोगों ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाए। वहीं मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हमने लिखित में सीबीआई जांच की बात कही है लेकिन गोवा पुलिस पहले अपनी जांच पूरी करना चाहती है, अगर परिवार वाले संतुष्ट नहीं हुए तो जांच सीबीआई को दे दी जाएगी।
Recommended Video


इस खाप महापंचायत में सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा फोगाट भी पहुंची थीं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अब सरकार से कोई उम्मीद नहीं है और ना ही उनकी ओर से कोई आश्वासन मिला। उनकी इस बात का खाप नेताओं ने भी समर्थन किया। साथ ही सरकार से जल्द से जल्द इस केस को सीबीआई को सौंपने की मांग की। महापंचायत ने सरकार को 23 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है, अगर इस तारीख तक जांच के आदेश नहीं दिए गए, तो 24 सितंबर को दोबारा से खाप पंचायत बुलाई जाएगी। इसमें पूरे हरियाणा और अन्य राज्यों के खाप प्रतिनिधि शामिल होंगे।
वहीं महापंचायत के दौरान कुछ लोगों ने बीजेपी नेताओं का नाम इस केस में उछाला, जिस पर खाप ने नाराजगी जताई। साथ ही सभी को राजनीतिक बयानबाजी नहीं करने की हिदायत दी। इसके साथ ही इस मामले में खाप ने 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें फोगाट परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। वहीं महापंचायत में पहुंचे सोनाली के भाई रिंकू ढाका ने कहा कि अगर सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए तो अगली बैठक की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो दोबारा से महापंचायत बुलाई जाएगी और आंदोलन होगा।
'सबूत मिटा रहे आरोपी'
इससे पहले एक इंटरव्यू के दौरान सोनाली की बेटी ने आरोप लगाया था कि आरोपी इस केस से जुड़े सबूत मिटा रहे हैं। उनको पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। पहले पुलिस पर भरोसा था लेकिन अब आरोपी कुछ बता ही नहीं रहा है कि क्यों मारा। तो कहीं-न-कहीं उनके ऊपर बड़ा हाथ है। राजनीति से जुड़े लोग मिले हैं, इसलिए सीबीआई जांच नहीं की जा रही है।









Click it and Unblock the Notifications