Haryana News: कानूनी लड़ाई लड़कर हरियाणवियों को दिलाएंगे निजी रोजगार में अपना हक: दिग्विजय चौटाला
Haryana News: जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि गुजरात में गुजरातियों, महाराष्ट्र में मराठी को आरक्षण है तो हरियाणा में हरियाणवियों को भी निजी रोजगार में आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेजेपी और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की यही लड़ाई है। जिसे कानूनी रूप से लड़कर अंजाम तक अवश्य पहुंचाया जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी की सोच है कि प्राइवेट उद्योगों की 100 नौकरियों में से 75 नौकरियां हरियाणा के युवाओं को मिलना तय हो, सुप्रीम कोर्ट में इसकी लड़ाई लड़ेेंगे और जीतेंगे।
दिग्विजय चौटाला रविवार को फतेहाबाद विधानसभा के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सरकार के माध्यम से दूर करवाने का आश्वासन दिया। गांव बीघड़ में धर्मशाला निर्माण के लिए दिग्विजय ने अपने निजी कोष से एक लाख 11 हजार रुपए देने की भी घोषणा की।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं को पचास फीसदी आरक्षण देकर जेजेपी ने अपना वादा निभाया है। इससे अब महिलाएं भी राजनीति की आधी हकदार हैं। इसी तरह पिछड़े वर्ग को आरक्षण देने का किसी भी राजनीतिक दल ने नहीं सोचा था। लेकिन पंचायती राज में आठ प्रतिशत आरक्षण दुष्यंत चौटाला ने देने का काम किया है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा से गठबंधन की यही प्रमुख मांग थी कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाएंगे। बुजुर्गों की पेंशन पर उन्होंने कहा कि महज दस विधायकों के साथ पेंशन तीन हजार रुपए तक पहुंचा दी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा आज पेंशन पांच हजार ना होने की बात करते हैं। लेकिन उनकी तो दस साल तक सरकार थी। तब उन्होंने पेंशन क्यों नहीं बढ़ाई। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा का कभी जनता को लेकर स्टैंड नहीं रहा। बल्कि कुर्सी को लेकर उनकी राजनीति रही है।


Click it and Unblock the Notifications
