Haryana Youth Demise: 32 साल के युवक ने USA जाने के लिए दलाल को दिए 40 लाख, ग्वाटेमाला में मौत
गैरकानूनी तरीके से अमेरिका जाने का प्रयास भारत के युवक को महंगा पड़ा। उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। रिपोर्ट के अनुसार युवक हरियाणा का रहने वाला था और उसकी मौत ग्वाटेमाला में हुई है। जानिए मार्मिक मामला

Haryan Youth Demise: सात समंदर पार जाने का सपना दूर से देखने पर तो बेहद आकर्षक लगता है, लेकिन कई बार अवैध तरीकों और रास्तों से अमेरिका जैसे देश पहुंचने का फैसला जानलेवा भी बन जाता है। हरियाणा के युवक के साथ ऐसा ही हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में रहने वाला युवक- मलकीत गैरकानूनी रास्ते से अमेरिका जाने की ताक में था, लेकिन ग्वाटेमाला में मलकीत की मौत हो गई।
गोली मारकर हत्या की आशंका
मलकीत की ग्वाटेमाला में मौत के बारे में टाइम्स ऑफ इंडिया (टीओआई) की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के कैथल जिले के एक गांव का निवासी 32 वर्षीय मलकीत की मौत के बारे में शुक्रवार को जानकारी मिली। रिपोर्ट के अनुसार मलकील डंकी रूट यानी गैरकानूनी रास्ते से अमेरिका जाने का प्रयास कर रहा था। मौत की जानकारी उस समय हुई जब मलकीत को एक वायरल वीडियो में देखा गया। उसकी बॉडी पर काली धारियों वाली लाल टी-शर्ट थी। चट्टानों के ढेर के बीच दिखी बॉडी को देखकर ऐसा लगता है कि उसे गोली मार दी गई है।
परिवार में माता-पिता और बहन
मलकीत डिप्लोमा करने के बाद कथित तौर पर donkey route के जरिए अमेरिका जाने की कोशिश में था। टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार मटौर गांव के रहने वाले पीड़ित मलकीत के परिवार वाले खेती करते हैं। फरवरी के दूसरे हफ्ते के बाद घर छोड़ने वाले मलकीत 7 मार्च को ग्वाटेमाला पहुंचा था। परिवार का उससे संपर्क टूट गया। मलकीत के परिवार में उसके माता-पिता, छोटा भाई और विवाहित बहन हैं।
लोगों को ठग रहा है बर्खास्त पुलिस वाला
ग्वाटेमाला में मौत की आशंका से सहमे परिजन वीडियो देखकर टूट गए। परिजनों के अनुसार उसने एक दलाल को 40 लाख का भुगतान किया था। सौंगल गांव के मूल निवासी ईश्वर सिंह ने मलकीत की डेड बॉडी को भारत वापस लाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) के कार्यालय से मदद मांगी। उसके माता-पिता ने आरोप लगाया कि दलाल एक बर्खास्त पुलिस वाला है जो लोगों को विदेश भेजने के बहाने ठग रहा है।
डेड बॉडी देखने पर यह हत्या लगती है
मलकीत के छोटे भाई राजीव ने मीडियाकर्मियों को बताया, "हमने एक आढ़ती (कमीशन एजेंट) से पैसे उधार लेकर उसे 25 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान किया था। मलकीत को कजाकिस्तान से तुर्की ले जाया गया था, लेकिन ग्वाटेमाला पहुंचते ही उसका फोन काट दिया गया। सोशल मीडिया पर उसकी मौत के बारे में पता चला। डेड बॉडी देखने पर यह हत्या लगती है। दलाल ने उसकी हत्या की योजना बनाई है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।"
दलाल के खिलाफ कंप्लेन, पुलिस कर रही मामले की जांच
मौत के बारे में मलकीत के पिता सतपाल ने कहा कि भारत में नौकरी नहीं मिलने के बाद युवा अपने माता-पिता को विदेश भेजने के लिए मजबूर कर रहे हैं। सरकार को ऐसे अवैध एजेंटों को रोकना चाहिए और यहां के युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करना चाहिए। दलाल और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ कैथल शहर थाने में भारतीय दंड संहिता (IPC)और आप्रवासन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले के जांच अधिकारी अजमेर सिंह ने शुक्रवार शाम को बताया कि मृतक के एक परिजन की ओर से दलाल- ईश्वर सिंह के खिलाफ शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications