हरियाणा राज्यसभा चुनाव में ट्विस्ट, कांग्रेस MLA कुलदीप बिश्नोई ने BJP को किया वोट, हार गए अजय माकन
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में ट्विस्ट, कांग्रेस MLA कुलदीप बिश्नोई ने BJP को किया वोट, हार गए अजय माकन
नई दिल्ली, 11 जून: हरियाणा में दो सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान हो गया है। हरियाणा राज्यसभा चुनाव के दौरान जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिला। आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अपनी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दिया है। कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस नेता अजय माकन शर्मा को वोट नहीं दिया, जिसकी वजह से वह चुनाव में हार गए हैं। हरियाणा के राज्यसभा सीटों दो सीटों पर चुनाव आयोग (ईसी) ने भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण पंवार और भाजपा-जेजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को विजयी घोषित किया है। कांग्रेस के अजय माकन शर्मा से हार गए हैं।

कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई को पीएम मोदी की नीतियां पसंद: CM खट्टर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कांग्रेस का एक वोट खारिज कर दिया गया था क्योंकि आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुन मतदान किया और कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन को वोट नहीं दिया। हरियाणा के सीएम खट्टर ने कहा, ''कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर खुलकर वोट किया है। मैं कह सकता हूं कि उन्हें पीएम मोदी की नीतियों और विचारधारा में विश्वास है। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इसके बाद कांग्रेस पार्टी उनके साथ क्या करने जा रही है।''
Recommended Video

हरियाणा राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर क्या बोले मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर सीएम खट्टर ने कहा, ''यह हमारे लिए खुशी की बात है। कृष्ण लाल पंवार और कार्तिकेय शर्मा को जिताने के लिए मैं सभी विधायकों का धन्यवाद करता हूं। यह लोकतंत्र की जीत है। मुझे उम्मीद है कि दोनों सदन में हरियाणा के लोगों से जुड़े मामलों को उठाएंगे।''

बहुत कम अंतरों से हारे कांग्रेस के अजय माकन
हरियाणा कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि कांग्रेस के अजय माकन बहुत ही कम वोटों के अंतर से हार गए हैं। बता दें कि हरियाणा में वोटों की गिनती शनिवार तड़के शुरू हुई थी। असल में भाजपा-जजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा ने भारत के चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कांग्रेस विधायकों किरण चौधरी और बीबी बत्रा के वोट रद्द करने की मांग की थी। उनपर वोटों की गोपनीयता के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप थे।
इससे पहले शुक्रवार (10 जून) को अजय माकन ने भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर कहा था कि भाजपा-जजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा द्वारा उठाई गई मांग को खारिज किया जाए और परिणाम जल्द से जल्द घोषित किया जाए।

'कुलदीप बिश्नोई ने दिल और दिमाग की बात सुन वोट किया'
खट्टर ने कुलदीप बिश्नोई पर कहा, 'कांग्रेस के सभी विधायकों ने अपने चुनावी एजेंट को दिखाकर वोट डाला। मुझे यकीन है कि कुलदीप बिश्नोई ने भी ऐसा ही किया होगा। फिर भी, यह स्वागत योग्य है कि उन्होंने हमारे उम्मीदवार का समर्थन किया। उन्होंने भाजपा के सिद्धांतों और नीतियों में विश्वास दिखाया है। उन्होंने यह भी नहीं सोचा था कि उनकी पार्टी उनके साथ क्या करने जा रही है, लेकिन उन्होंने अपने दिल और दिमाग की बात सुनकर वोट डाला। हम उनका स्वागत करते हैं।'
कांग्रेस के अस्वीकृत वोट के बारे में खट्टर ने कहा, "यह कांग्रेस को हम सभी को बताना है कि आखिर उनका वोट रिजेक्ट क्यों हुआ। मुझे अभी तक पता नहीं है कि किसका वोट रिजेक्ट हुआ।'

BJP को वोट देकर, कांग्रेस MLA बोले- फन कुचलने का हुनर आता है मुझे...
बीजेपी को वोट देने के बाद शनिवार 11 जून की सुबह कांग्रेस विधायक कुलदीप कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट किया, ''फन कुचलने का हुनर आता है मुझे, सांप के खौफ से जंगल नही छोड़ा करते। सुप्रभात।''

मतगणना पर सीएम खट्टर ने क्या कहा?
मतगणना पर सीएम खट्टर ने कहा, 'कुल 90 विधायकों में से एक निर्दलीय विधायक अनुपस्थित रहे, जबकि कांग्रेस का एक वोट खारिज हो गया। उसे 88 वोट मिले। नियम के अनुसार, कोई भी 88 के एक-तिहाई के निशान से ऊपर वोट पाता है, वो जीतता है। कांग्रेस को 29, जबकि कार्तिकेय शर्मा को 29.65 वोट मिले थे।''












Click it and Unblock the Notifications