Haryana Election: विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया कांग्रेस के साथ, रेलवे पद से इस्तीफा देकर नई पारी की शुरुआत
Haryana Election Vinesh Phogat: ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में पार्टी दफ्तर में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसी के साथ दोनों पहलवान अब नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर विनेश और बजरंग चुनावी दंगल में भी उतरेंगे। इससे पहले दोनों ने भारतीय रेलवे से अपनी नौकरी छोड़ी।
राजनीति में एंट्री को लेकर दोनों पहलवानों ने अपना पहला कदम उठाते हुए शुक्रवार को भारतीय रेलवे में अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विनेश फोगाट ने इसकी जानकारी अपने इस्तीफे की फोटो के साथ एक्स पर पोस्ट की।

बजरंग-विनेश ने छोड़ी रेलवे की नौकरी
बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट भारतीय रेलवे में राजपत्रित अधिकारी ओएसडी स्पोर्ट्स के पद पर काम कर रहे थे। विनेश उत्तर रेलवे में लेवल-7 कैटेगरी की नौकरी कर रही थीं। बता दें कि रेलवे में ओएसडी स्पोर्ट्स एक पद होता है, जिसमें स्पोर्ट्स कोटा से लोगों को भर्ती किया जाता है।
खड़गे से मिले विनेश-बजरंग
रेलवे की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। जिसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की गई।
मुलाकात की फोटो साझा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पोस्ट में लिखा-"चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाकात। हमें आप दोनों पर गर्व है।"
कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगी चुनाव
इससे पहले दोनों पहलवानों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस की ओर से विनेश को 3 और बजरंग को 2 सीटों का ऑप्शन दिया है।
रेलवे की नौकरी से इस्तीफा
इससे पहले उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा,"भारतीय रेलवे की सेवा मेरे जीवन का एक यादगार और गौरवपूर्ण समय रहा है। जीवन के इस मोड़ पर मैंने स्वयं को रेलवे सेवा से पृथक करने का निर्णय लेते हुए अपना त्यागपत्र भारतीय रेलवे के सक्षम अधिकारियों को सौप दिया है। राष्ट्र की सेवा में रेलवे द्वारा मुझे दिये गये इस अवसर के लिए मैं भारतीय रेलवे परिवार की सदैव आभारी रहूंगी"
बता दें कि हरियाणा चुनाव की सुगबुगाहट के बाद से ही विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाना शुरू हो गई थी। वहीं खुद महिला पहलवान ने भी इन खबरों से किसी तरह का साफ इनकार नहीं किया। ऐसे में अब विनेश कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरकर अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications