Haryana Poll: शैलजा ने किया कांग्रेस की 60 से ज्यादा सीटों का दावा, CM फेस पर खुद के नाम पर भी भरी हामी!
Haryana Exit Poll 2024: हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर वोटिंग के बाद एग्जिट पोल की तस्वीर भी साफ हो चुकी है। सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है, हालांकि असल तस्वीर नतीजों (8 अक्टूबर) के साथ साफ होंगी, लेकिन एग्जिट पोल के बाद कांग्रेस के नेता खुश नजर आ रहे हैं। इस बीच अब हरियाणा की दिग्गज नेता और सीएम पद की रेस में चल रहीं कुमारी शैलजा का बड़ा बयान आया है।
दरअसल, कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में कहा, मुझे लगता है कि 60 से अधिक सीटों पर हमारी जीत होगी। बहुत अच्छे ढ़ंग से सरकार बनेगी। लोगों का बदलाव का मूड है और लोग कांग्रेस की ओर देख रहे हैं कि कांग्रेस एक अच्छा विकल्प है। पिछले 10 सालों का भाजपा को जो शासन रहा उससे अब विपरीत हो और लोगों की सरकार बने।

इतना ही नहीं, कुमारी शैलजा ने कहा कि भारी सत्ता विरोधी लहर थी, खासकर कमजोर वर्ग दबा हुआ महसूस कर रहा था। भाजपा का आम लोगों से कभी कोई संबंध या संवाद नहीं रहा। वहीं, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा चुनाव में काफी महत्वपूर्ण साबित हुई। हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने के पूर्वानुमान के साथ ही अब सवाल खड़ा हो गया है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, हरियाणा कांग्रेस में सीएम पद को लेकर अभी से लॉबिंग की शुरुआत हो गई है। तमाम दिग्गज नेता अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे है। बता दें, हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा का नाम प्रमुख रूप से चल रहा है।
शैलजा ने कहा है कि वह दावेदार हैं, लेकिन पारंपरिक "दावा करने" की रणनीति में शामिल नहीं होंगी। दरअसल, दलित या महिला मुख्यमंत्री की मांग पर कुमारी शैलजा ने कहा, "ये सभी निर्णय और विचार पार्टी हाईकमान के पास हैं। मेरा मानना है कि इन सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शैलजा ने मानना है कि विधायकों के माध्यम से मुख्यमंत्री का चयन करने से गुटबाजी बढ़ सकती है। साथ ही, उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय को हाईकमान द्वारा लिए जाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हाईकमान को ही निर्णय लेना चाहिए। अन्यथा इससे गुटबाजी और भी बढ़ जाती है।
इस दौरान उन्होंने लोगों से उस मानसिकता से बाहर आने को कहा जो मतदाताओं को एक-दूसरे का समर्थन न करने वाले एक वर्ग के रूप में देखती है। शैलजा ने कहा कि हरियाणा में समाज के सभी वर्गों के लोग उनका समर्थन करते हैं। कहा कि हरियाणा मुझे जगह दे सकता है। आपको इस मानसिकता से बाहर आना होगा कि हरियाणा ऐसा है, हरियाणा वैसा है।
मैं आपको आश्वस्त कर सकती हूं कि मुझे समाज के सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त है। निहित स्वार्थों द्वारा फैलाए जा रहे इस जाल में मत फंसिए। दूर हटिए और आगे बढ़िए। शैलजा ने आगे कहा कि सभी वर्गों ने पार्टी का समर्थन किया है। दलितों ने समर्थन किया है। सिर्फ़ उन्होंने ही नहीं, दूसरों ने भी।












Click it and Unblock the Notifications