हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन, हटाए गए नूंह के एसपी वरुण सिंगला, IPS नरेंद्र बिजारनिया को मिली कमान
Nuh news in hindi: हरियाणा के नूंह और गुरुग्राम सहित कई हिस्सों में भड़की हिंसा के बाद मनोहर लाल खट्टर सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए नूंह के एसपी का तबादला कर दिया है।
हरियाणा सरकार ने नूंह के एसपी वरुण सिंगला को हटाते हुए उन्हें भिवानी का एसपी नियुक्त किया है। वहीं, उनकी जगह पर आईपीएस अधिकारी नरेंद्र बिजारनिया को नूंह का नया एसपी बनाया गया है।

आपको बता दें कि वरुण सिंगला हरियाणा कैडर से 2017 के बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वहीं, चांदपुर गांव के रहने वाले आईपीएस नरेंद्र बिजारनिया 2015 बैच के हैं। नरेंद्र बिजारनिया इससे पहले भी फरवरी 2020 से लेकर अक्टूबर 2021 तक नूंह के एसपी रह चुके हैं। नूंह में उनके अनुभव को ध्यान में रखते हुए ही प्रदेश के डीजीपी पीके अग्रवाल ने नरेंद्र बिजारनिया को फिर से जिले की कमान दी है।
अब तक 159 लोगों को किया गया गिरफ्तार
गौरतलब है कि नूंह और गुरुग्राम में हिंसा भड़कने के बाद हरियाणा पुलिस ने अभी तक 83 एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं इस मामले में अब तक 159 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नूंह प्रशासन ने हिंसा में 6 लोगों की मौत की पुष्टि भी की है। इससे पहले बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि हिंसा में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन होगा और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।
सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए बनाई गई कमेटी
हरियाणा सरकार ने हालात को देखते हुए केंद्र सरकार से केंद्रीय सुरक्षाबलों की और कंपनियों की मांग की है। इसके अलावा सरकार ने एक कमेटी का भी गठन किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी करेगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोका जा सके। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने भी बुधवार को कहा कि नूंह में हिंसा बढ़ाने में सोशल मीडिया का भी रोल रहा।












Click it and Unblock the Notifications