Haryana News: नेताजी सामान्य नाम नहीं, बल्कि देश की आजादी की पूरी कहानी: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
Haryana News: हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस केवल सामान्य नाम नहीं हैं। बल्कि वे देश की आजादी की पूरी कहानी हैं। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को पराक्रम की मूर्ति की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने देशवासियों में आजादी की लौ तथा आत्मविश्वास जागृत किया। नर्म और गर्म दल के नेताओं ने मिलकर अंग्रेजों की चूलें हिला दी तथा अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर विवश कर दिया।
सीएम खट्टर स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय परिसर में संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में अनेक कार्य किए है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाना शुरू किया तथा गणतंत्र दिवस की तैयारी भी 23 जनवरी से शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना कर हजारों नौजवानों को देश की आजादी के लिए संगठित किया। गर्म दल के नेताओं ने लम्बे संघर्ष के बाद देश को आजाद करवाया। वहीं नर्म दल के नेताओं विशेषकर महात्मा गांधी ने असहयोग आन्दोलन चलाकर संघर्ष का बिगुल बजाया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने ही सर्वप्रथम महात्मा गांधी के लिए राष्ट्रपिता की उपाधि की बात की थी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1942 में आजाद हिंद फौज का गठन किया। रोहतक सहित पूरे प्रदेश के जवानों ने जज्बे के साथ नेताजी के साथ जुडक़र इस फौज में भर्ती हुए। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने व्यक्तिगत भावना की जगह अंतरात्मा की आवाज सुनकर आईसीएस की नौकरी छोड़ दी तथा देश सेवा को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि नौजवान आज भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की देश सेवा की भावना और देशभक्ति के जज्बे से प्रेरित होकर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे है। वर्तमान में देश की सेना में हरियाणा के 10 से 11 प्रतिशत जवान शामिल है। यह जवान देश के स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरित है। प्रदेश के जवानों ने देश की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान भी दिए है।












Click it and Unblock the Notifications