Haryana News: सीएम सैनी ने श्रमिकों को दी बड़ी सौगात, 18 योजनाओं में वितरित किए 80 करोड़ रुपए
Haryana News: हरियाणा के श्रमिकों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं का लाभ देने के लिए बुधवार को सरकार द्वारा जींद में राज्य स्तरीय श्रमिक जागरूकता और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस समारोह में मुख्यमंत्री सैनी ने 18 योजनाओं के तहत 1,02,629 श्रमिकों को 79.69 करोड़ रुपए की लाभ राशि सीधे उनके खातों में जारी की। समारोह में सीएम सैनी ने सांकेतिक रूप से विभिन्न योजनाओं के लिए लाभार्थियों को चैक वितरित किए और बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी की चाबी सौंपी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दो नई योजनाओं मुख्यमंत्री श्रमिक पंजीकरण प्रोत्साहन योजना और कन्यादान एवं विवाह सहायता योजना की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्रमिक पंजीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत अब निर्माण श्रमिकों को पंजीकरण करने पर 1100 रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। साथ ही कन्यादान और विवाह सहायता योजना के तहत श्रमिकों को उनकी बेटियों की शादी के लिए 1 लाख 1 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। जिसमें से 75 प्रतिशत राशि विवाह के तीन दिन पूर्व मिलेगी। इस समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य और श्रम मंत्री मूलचंद शर्मा भी उपस्थित रहे।

सीएम नायब सिंह ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए थे कि जिन श्रमिकों को किसी भी कारणवश कोई लाभ नहीं मिला है। उनकी सूची तैयार की जाए और सभी को एक साथ लाभ जारी किया जाए। आज जारी किए गए लाभों में 42,166 महिलाओं के खातों में सिलाई मशीन के लिए 15 करोड़ 7 लाख रुपए, साईकिल योजना के तहत 19,925 श्रमिकों को 9.95 करोड़ रुपए, औजार खरीदने के लिए 19,880 श्रमिकों को 15.90 करोड़ रुपए, पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए 3068 बच्चों को 2.96 करोड़ रुपए, इलेक्ट्रिक स्कूटर योजना के तहत ई-स्कूटर की खरीद के लिए 1446 बच्चों को 7.23 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके खातों में डाली गई है।
इसी तरह बेटी की शादी के लिए वित्तीय सहायता और कन्यादान योजना के तहत आज 1206 श्रमिकों के खातों में 12.18 करोड़ रुपए, पंजीकृत श्रमिक के मेधावी बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना के तहत 379 बच्चों को 1.25 करोड़ रुपए, पुत्र की शादी के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत 34 श्रमिकों को 7 लाख रुपए की राशि सीधे उनके खातों में डाली गई है। इसके अलावा अन्य योजनाओं के तहत भी कई करोड़ों रुपए के लाभ दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्रमिकों को भी अयोध्या दर्शन कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल ईंजन की सरकार लगातार नागरिकों को योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले 10 वर्षों में जिस प्रकार से प्रदेश में काम किए हैं। समान रूप से हर व्यक्ति का विकास करने का काम किया है। पोर्टल के माध्यम से आज श्रमिकों के खातों में योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
सीएम नायब सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल के नेता कहते हैं कि जब वे सत्ता में आएंगे तो वे पोर्टल को बंद कर देंगे। कांग्रेस के नेता भूपेंद्र हुड्डा जब पोर्टल को बंद करने की बात करते हैं तो भ्रष्टाचार की बू नजर आती है। क्योंकि जब कांग्रेस की सरकार थी। उस समय श्रमिकों को लाभ नहीं पहुंचता था। परंतु हमारी सरकार ने पोर्टल के माध्यम से हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले लगभग 10 वर्षों में श्रमिकों के लिए आयुष्मान कार्ड और चिरायु योजना के तहत लाभ प्रदान किया है।
सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों को प्लॉट देने की बात कही। लेकिन उन्हें न तो प्लॉट का कब्जा दिया। न ही कोई कागज दिया। उन्हें उनके हालात पर छोड़ दिया। लेकिन हमारी सरकार ने ऐसे सभी लोगों को चिह्नित कर उन्हें 100-100 गज के प्लॉट दिए और उनके कब्जा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। इसके अलावा जिन गांवों में जमीन नहीं है। ऐसे लोगों के खातों में प्लॉट खरीदने के लिए 1 लाख रुपए की राशि भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग गुमराह करके वोट लेने का काम करते हैं। जबकि हमारी सरकार ने हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीब के हित में मजबूत फैसले ले रही है। इसी के कारण आज लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल ईंजन की सरकार पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने नागरिकों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि अब आपके लाभ को कोई नहीं रोक पाएगा।
उन्होंने कहा कि हैप्पी परियोजना शुरू कर हरियाणा सरकार ने एक लाख से कम वार्षिक आय वाले परिवार के हर सदस्य को प्रति वर्ष 1 हजार किलोमीटर मुफ्त यात्रा का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी शुभारंभ किया जा चुका है। इसके तहत 1,80,000 रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवार मुफ्त में योजना का लाभ उठा पाएंगे। एक लाख 80 हजार रुपए से 3 लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को इस योजना के तहत बीस हजार रुपए की सब्सिडी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली के बिल का मासिक चार्ज हटाने का फैसला लिया है। अब जितने यूनिट बिजली की खपत होगी। उतना ही बिल उपभोक्ता से लिया जाएगा।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य और श्रम मंत्री मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आज के इस ऐतिहासिक दिन पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश किसानों और मजदूरों का प्रदेश है। इस हरियाणा प्रदेश को बुलंदियों पर ले जाने में हमारे श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। श्रमिकों की बदौलत आज सुई से लेकर हवाई जहाज तक के पुर्जे हरियाणा में बनाने का काम हो रहा है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, जींद से विधायक डॉ. कृष्ण मिड्डा, श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, श्रम आयुक्त हरियाणा मनीराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications