Haryana News: भाजपा सीएम नायब सिंह का हरियाणा से बाहर भी करेगी उपयोग, अलवर को लेकर मिली यह जिम्मेदारी
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा की दमदार नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से अपने भाषण के अंदाज से उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को काफी हद तक प्रभावित किया है।
पार्टी इस लिहाज से अब उनका उपयोग हरियाणा से बाहर भी चुनाव प्रचार के लिए करेगी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अलवर में भाजपा की जीत के लिए जनसभा करेंगे। सीएम सैनी 10 अप्रैल को अलवर शहर, तिजारा और राजगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। अलवर से भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मैदान में है।

अलवर में भूपेंद्र यादव के सामने कांग्रेस के युवा नेता ललित यादव चुनाव मैदान में है। अलवर में कांग्रेस स्थानीय बनाम बाहरी उम्मीदवार के नाम पर चुनाव लड़ रही है। इसे ध्यान में रखकर भाजपा ने अलवर में पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जाता है कि जिन नेताओं की सभी जाति और धर्म के लोगों में पेठ है। उन्हें चुनाव मैदान में लोगों से संवाद करने के लिए उतार दिया गया है। सभी मोदी की गारंटी के ऊपर जोर दे रहे हैं। ताकि चुनाव में मुद्दा स्थानीय और बाहरी ना बने।
अलवर लोकसभा क्षेत्र हरियाणा से सटा हुआ है। अलवर का मिजाज भी कुछ हद तक गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र जैसा ही है। गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र के कुछ इलाकों में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसी तरह अलवर के इलाकों में भी मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र की तरह ही अलवर लोकसभा क्षेत्र में यादव मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है।
ऐसे में यदि स्थानीय और बाहरी का मुद्दा बना तो फिर भाजपा के लिए मुकाबला कठिन हो जाएगा। इसे ध्यान में रखकर अलवर के मैदान में प्रचार के लिए उन नेताओं को उतारा जा रहा है। जिनकी पकड़ सभी जाति और धर्म के लोगों में है। पिछले महीने नूंह जिले के तावडू में मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी की पहली रैली थी। उस रैली में भारी संख्या में सभी समुदाय के लोग पहुंचे थे। उनमें मुस्लिम समुदाय के लोगों की संख्या भी काफी थी। खासकर काफी संख्या में युवा भी पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भाषण के दौरान कई बार तालियां बजी थी। बताया जाता है कि इस रैली से ही मुख्यमंत्री के बारे में पार्टी के शीर्ष नेताओं तक यह संदेश गया कि इनका हर इलाके में उपयोग किया जा सकता है। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि सीएम नायब सिंह सैनी ने कम से कम समय में एक अच्छे वक्ता की पहचान बना ली है। खासकर कार्यकर्ताओं से संवाद करने का उनका अंदाज निराला है। उनके अंदाज का लाभ पार्टी को हरियाणा से बाहर भी मिलेगा।
पार्टी नेतृत्व को पता है कि वह कुछ दिनों पहले ही मुख्यमंत्री बने हैं। हरियाणा में 10 की 10 सीटों पर जितना उनकी सबसे बड़ी परीक्षा है। यही नहीं वह खुद विधानसभा का चुनाव भी लड़ रहे हैं। इसके बाद भी हरियाणा से बाहर चुनाव प्रचार के लिए भेजना यह दर्शाता है कि सीएम सैनी कम से कम समय में स्टार प्रचारक बन चुके हैं। अलवर में प्रचार करने का लाभ उन्हें हरियाणा की गुड़गांव और महेंद्रगढ़ सीटों पर सीधे तौर पर मिलेगा। दोनों क्षेत्रों में हजारों परिवारों की रिश्तेदारी अलवर में है।
इस वजह से काफी संख्या में लोग पिछले कई दिनों से लगातार अलवर में प्रचार में जुटे हैं। पूर्व सैन्य अधिकारियों की टीम वहां प्रचार में जुटी है। पूर्व सैन्य अधिकारी और ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण के संयोजक कहते हैं कि भूपेंद्र यादव जैसे नेताओं की देश को जरूरत है। उनके पास व्यापक दृष्टिकोण है। वह अलवर क्षेत्र को दुनिया के नक्शे पर लाने का प्रयास करेंगे। इसे ध्यान में रखकर वे लोग उनका प्रचार प्रसार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications