पानी रोकने के आरोप पर बोली हरियाणा सरकार-नाकामी छिपाने को झूठी बयानबाजी कर रही है दिल्ली सरकार
चंडीगढ़। दिल्ली में जल संकट के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराने वाली केजरीवाल सरकार पर अब हरियाणा सरकार ने पलटवार किया है। हरियाणा सरकार की ओर से कहा गया है कि, दिल्ली सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए झूठी बयानबाजी कर रही है। सरकारी स्पोक्सपर्सन ने कहा कि, मानसून में देरी के चलते यमुना नदी में पानी कम है। वहीं, दिल्ली में जल प्रबंधन की कुव्यवस्था है, जिसके चलते दिल्लीवासियों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली को पूरा पानी दिया गया: हरियाणा सरकार
हरियाणा सरकार के बयान में कहा गया कि, यमुना में इस साल लगभग 40% पानी की कमी के बावजूद दिल्ली को पूरा पानी दिया गया। हरियाणा सरकार के स्पोक्सपर्सन ने कहा कि, दिल्ली की आप सरकार की इकॉनोमिक सर्वे 2017 की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में पेयजल के कुप्रबंधन के कारण 20% पेयजल व्यर्थ हो जाता है, तो दिल्ली सरकार अब क्यों हम पर आरोप लगा रही है। दिल्ली के लिए हरियाणा से खूब पानी पहुंचता है।

इधर, गाैतम गंभीर ने भी साधा निशाना
हरियाणा की भाजपा सरकार के अलावा दिल्ली भाजपा के सांसद व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा- 'मुख्यमंत्री जी वाटर टैंकर ही भिजवा दें..।' बता दिया जाए कि, गाैतम गंभीर वर्तमान में पूर्वी दिल्ली के सांसद हैं। उन्होंने साेशल मीडिया पर लिखा कि, 'यहां कई इलाकों में पानी की किल्लत है। अगर पाइपों की मरम्मत का काम चल भी रहा है तो कम से कम वाटर टैंकर तो भिजवा दो मुख्यमंत्री जी!'
दिल्ली भाजपा प्रमुख के घर बवाल
उधर, दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता के घर दिल्ली की सत्तारूढ़ पार्टी आप के कार्यकर्ता जा धमके। आप के कार्यकर्ताओं ने गुप्ता के घर की पाइपलाइन काटने की कोशिश की। हालांकि, गुप्ता को पहले से ही इसका अंदेशा था, तो उसने पुलिस बुला ली। पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications