Haryana Chunav 2024: 'इच्छा रखना बुरी बात नहीं', रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस CM फेस को लेकर कह दी ये बड़ी बात?
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा की सभी 90 सीटों पर वोटिंग चल रही है। इस बीच कैथल में कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस के मुख्यमंत्री फेस को लेकर अपना बयान दिया। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के सीएम चेहरे पर पार्टी का फैसला स्वीकार करेंगे।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए होने वाले फैसले को सभी स्वीकार करेंगे। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखना गलत नहीं है।

CM बनने की महत्वाकांक्षा रखना गलत नहीं-सुरजेवाला
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "मैं हरियाणा के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। यह वोट बदलाव के लिए है। लोग 10 साल के भ्रष्टाचार से थक चुके हैं, किसानों, युवाओं, पहलवानों और जवानों की हालत खराब हो गई है। एक क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा। एकमात्र चुनौती कैथल का विकास है। मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखना गलत नहीं है। हम राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सीएम चेहरे के लिए लिए गए फैसले को स्वीकार करेंगे।"
उन्होंने कहा कि आकांक्षाएं रखना कोई बुरी बात नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत आकांक्षाएं पार्टी अनुशासन से बड़ी नहीं होती हैं, अंततः राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे जो भी निर्णय लेंगे वह सभी को स्वीकार्य होगा।
बेटा आदित्य सुरजेवाला कांग्रेस उम्मीदवार
सुरजेवाला ने कहा कि सीएम उम्मीदवार के पास हरियाणा में बदलाव लाने और किसानों के जीवन में समृद्धि लाने का विजन होना चाहिए। बता दें कि कैथल सीट से भाजपा के लीला राम, आप के सतबीर सिंह गोयत, जेजेपी के संदीप गढ़ी और कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य सुरजेवाला चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं कैथल से कांग्रेस उम्मीदवार रणदीप सिंह सुरजेवाला के पुत्र आदित्य सुरजेवाला ने वोट डालने के बाद प्रदेश की जनता से घरों से निकलकर मतदान करने का आह्वान किया। आदित्य सुरजेवाला ने कहा, "मैं प्रदेश की जनता से अपील करना चाहता हूं कि वे घरों से निकलकर मतदान करें। चुनाव 5 साल में एक बार होते हैं, लेकिन लोकतंत्र के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण चीज है। मैं आपसे कांग्रेस पार्टी को वोट देने, विकास और न्याय के लिए आग्रह करता हूं। ईवीएम की कंट्रोल यूनिट में कुछ समस्या थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।"
मैं अगले 50 साल तक कैथल की सेवा करना चाहता हूं-आदित्य
आदित्य ने आगे कहा कि उन्होंने कनाडा में पढ़ाई की है और वहां से जो नजरिया मिला है, उसे लागू कर बदलाव लाना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा, "तीन पीढ़ियों से हम कैथल से जुड़े हैं। मैं अगले 50 साल तक कैथल की सेवा करना चाहता हूं।" मालूम हो कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे जम्मू-कश्मीर के साथ 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 40 सीटें जीती थीं और जेजेपी के साथ गठबंधन सरकार बनाई थी, जिसने 10 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 31 सीटें हासिल की थीं। हालांकि, बाद में जेजेपी गठबंधन से अलग हो गई।












Click it and Unblock the Notifications