विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में हुए शामिल, महिला पहलवान का हरियाणा चुनाव लड़ना तय!
Vinesh Phogat Bajrang Punia: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट की हरियाणा की राजनीति में एंट्री हो गई है। पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया आज शुक्रवार 6 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हुए हैं। विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली।
कांग्रेस में शामिल होने से पहले विनेश फोगाट ने अपने भारतीय रेलवे में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विनेश और पूनिया के साथ तस्वीर शेयर कर कहा, ''चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाकात। हमें आप दोनों पर गर्व है।''

इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा, ''आज कांग्रेस पार्टी में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया शामिल हुए हैं। इन्होंने अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है। मैं आप दोनों का हरियाणा कांग्रेस कमेटी की तरफ से हार्दिक स्वागत करता हूं।''
पिछले काफी वक्त से ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों पहलवान कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी।
विनेश फोगाट का विधानसभा चुनाव लड़ना तय! जानिए किस सीट से मिलेगा टिकट
रिपोर्ट के मुताबिक विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगी। विनेश फोगाट के जींद के जुलाना या दादरी से टिकट दिया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विनेश फोगाट 11 सितंबर को नामांकन करेंगी।
वहीं बजरंग पूनिया बादली से टिकट पर चुनाव लड़ना चाहचे हैं लेकिन कांग्रेस ये सीट उन्हें नहीं देना चाहती है। कांग्रेस ने बादली से मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स का टिकट काटने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस बजरंग पूनिया को बादली की जगह किसी जाट बहुल सीट से उतारने की कोशिश में है।

हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बजरंग पूनिया को चुनाव प्रचार का जिम्मा मिल सकता है। विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया 4 सितंबर को राहुल गांधी से मिले थे। राहुल गांधी से मिलने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी उनकी मुलाकात हुई थी। तभी ये उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा होने लगी है।
विनेश फोगाट ने भारतीय रेलवे में अपने पद से दिया इस्तीफा
कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की अटकलों के बीच विनेश फोगाट ने भारतीय रेलवे में अपने पद से शुक्रवार (06 सितंबर) को इस्तीफा दे दिया है। विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, ''भारतीय रेलवे की सेवा मेरे जीवन का एक यादगार और गौरवपूर्ण समय रहा है। जीवन के इस मोड़ पर मैंने स्वयं को रेलवे सेवा से पृथक करने का निर्णय लेते हुए अपना त्यागपत्र भारतीय रेलवे के सक्षम अधिकारियों को सौप दिया है। राष्ट्र की सेवा में रेलवे द्वारा मुझे दिये गये इस अवसर के लिए मैं भारतीय रेलवे परिवार की सदैव आभारी रहूंगी।''












Click it and Unblock the Notifications